कोरबा। ग्राम पंचायत धनरास के ग्रामीणों के साथ एनटीपीसी प्रबंधन लगातार वादाखिलाफी कर रहा है, जिसके कारण ग्रामीणों में जमकर आक्रोश है। कई मांगों को लेकर ग्रामीण 17 मार्च से धनरास राखड़ बांध में धरना प्रदर्शन कर काम को पूरी तरह से ठप्प करेंगे। ग्राम पंचायत धनरास के नवनिर्वाचित सरपंच लक्ष्मीकांत कंवर ने बताया कि 17 मार्च रोजगार, एनटीपीसी दर से भुगतान एवं राखड़ डस्ट क्षतिपूर्ति का पर्याप्त भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जायेगा।

सरपंच के नेतृत्व में हड़ताल में जाने और धरना प्रदर्शन करने की सूचना जिला प्रशासन को दी गई है। जिलाधीश को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत धनरास के बेरोजगार युवकों के लिए एनटीपीसी रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। राखड़ बांध में पिछले 10 वर्षों से मजदूरी दर में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है और मांग की गई है कि एनटीपीसी दर से मजदूरों का भुगतान किया जाना सुनिश्चित करे। नवंबर माह से जुलाई माह तक 9 महीने तक क्षेत्र में राखड़ डस्ट उडऩे से लोगों का जीना मुहाल हो जाता है और पूरे 9 माह तक लोग परेशानी में जीवन यापन करने मजबूर रहते है। सरपंच लक्ष्मीकांत कंवर ने बताया कि एनटीपीसी सिर्फ 10 दिन की क्षतिपूर्ति राशि 300 रूपये के हिसाब से देता है। पूरे 9 माह की क्षतिपूर्ति दी जाये, अन्यथा और भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जायेगा। श्री कंवर ने बताया कि गत 6 माह पूर्व प्रबंधन और प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन एनटीपीसी प्रबंधन की मनमानी जारी है।
