नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने यात्रा शुरू होने से पहले ग्राहकों से अतिरिक्त भुगतान मांगने के मामले में ऑनलाइन कैब सेवा मंच ‘ओला’ का संचालन करने वाली कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। नियामक के अनुसार, ओला मंच पर यात्रा शुरू होने से पहले ‘टिप’ या ‘ऐड-ऑन’ के विकल्प के जरिये उपभोक्ताओं को गुमराह किया गया और ‘डार्क पैटर्न’ का इस्तेमाल कर निष्पक्ष व्यापार व्यवहार का उल्लंघन किया गया।
‘डार्क पैटर्न’ किसी ऐप या वेबसाइट में इस्तेमाल किए जाने वाले ऐसे भ्रामक डिजाइन होते हैं, जो लोगों को ऐसे विकल्प चुनने के लिए प्रेरित करते हैं जिन्हें चुनने का उनका इरादा नहीं होता। इसके उदाहरणों में छिपे हुए शुल्क या ऐसी सदस्यता शामिल हैं जिन्हें रद्द करना मुश्किल होता है। प्राधिकरण की मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की ओर से पारित आदेश में ओला को यह प्रथा तत्काल बंद करने का निर्देश दिया गया है।
प्राधिकरण ने ओला के मंच पर पेश इस विकल्प की जांच की थी, जिसके तहत ऐप पर चालक की तलाश के दौरान उपयोगकर्ताओं को अतिरिक्त भुगतान करने के लिए कहा जाता था। इसमें संकेत दिया जाता था कि ऐसा करने से उन्हें जल्द सवारी मिल सकती है। एक अधिकारी के बयान के अनुसार, ओला ने बाद में ‘टिप’ का नाम बदलकर ‘ऐड-ऑन’ कर दिया लेकिन सीसीपीए ने पाया कि इस प्रथा में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सीसीपीए ने इसी तरह की प्रथा को लेकर अन्य कैब सेवा प्रदाताओं के खिलाफ भी स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। इससे पहले उसने रैपिडो (रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड) के खिलाफ आदेश पारित करते हुए 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इसी तरह के मामले में उबर और नम्मा यात्री के खिलाफ फिलहाल जांच जारी है।

