DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ऑनलाइन सट्टा-हवाला नेटवर्क, 25 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज मिले:8 लाख कैश, गहने-महंगी घड़ियां जब्त, दुबई तक जुड़े तार, 3 के खिलाफ LOC जारी

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे और हवाला के जरिए करोड़ों का अवैध कारोबार करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि सट्टे से कमाई गई रकम हवाला के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में भेजी गई। इस रकम से करोड़ों रुपए की संपत्तियां बनाई गई।

नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े हैं और वहां भी संपत्ति होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने 13 नवंबर को संदिग्धों के ठिकानों पर छापा मारकर करीब 8 लाख रुपए कैश, सोने के गहने, महंगी घड़ियां और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। तलाशी में 25 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

पुलिस अब इन संपत्तियों के स्रोत का पता लगाकर कुर्की की तैयारी कर रही है। 3 आरोपी सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और जबलपुर निवासी आकाश गोगा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। विदेश में मौजूद संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा किया।

सट्टे की कमाई से बनाई करोड़ों की संपत्ति

पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से मिलने वाली रकम को हवाला के जरिए अलग-अलग जगह भेजा जाता था।

इस रकम का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया। जांच में देश के कई राज्यों में सट्टे की रकम के लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।

ऑनलाइन सट्टा केस में सुनील रोहरा का नाम सामने आया है।

ऑनलाइन सट्टा केस में सुनील रोहरा का नाम सामने आया है।

दुबई तक फैला नेटवर्क, विदेश में भी संपत्ति

जांच में नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को पता चला है कि नेटवर्क से जुड़े लोगों ने विदेश में भी संपत्तियां बनाई हैं। इसे देखते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।

इससे आरोपियों के देश छोड़कर जाने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, विदेश में मौजूद संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

तलाशी में 8 लाख कैश, गहने और महंगी घड़ियां मिलीं

पुलिस ने 13 नवंबर को संदिग्धों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान करीब 8 लाख रुपए कैश, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े दस्तावेज मिले।

इसके साथ ही करीब 25 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों से जुड़े कागजात भी मिले हैं। पुलिस इन संपत्तियों के मालिकाना हक और इन्हें खरीदने में इस्तेमाल की गई रकम के सोर्स की जांच कर रही है।

मनीष रोहरा समेत 3 लोगों के खिलाफ LOC जारी किया गया है।

संपत्ति कुर्क करने की तैयारी

पुलिस अब बैंक खातों, हवाला के जरिए हुए लेन-देन और संपत्तियों में किए गए निवेश की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में अपराध से कमाई गई रकम से खरीदी गई संपत्तियों की पहचान की जा रही है।

इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस का मकसद सिर्फ सट्टा चलाने वालों तक पहुंचना नहीं, बल्कि पूरे आर्थिक नेटवर्क और इससे फायदा उठाने वालों की पहचान करना भी है।

Exit mobile version