DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सक्ती में अवैध ईंट भट्ठों का संचालन जारी:ग्रामीणों में आक्रोश, खनिज अधिकारी ने जांच का आश्वासन दिया

सक्ती। सक्ती जिले के भोथिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरली उसड नाला में अवैध ईंट भट्ठों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये भट्ठे बिना आवश्यक अनुमति और पर्यावरणीय मानकों का पालन किए लंबे समय से संचालित हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

इन भट्ठों से लगातार निकलने वाला धुआं आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन गया है। इसके अलावा, नदी किनारों और आसपास की जमीनों का उपयोग कर नियमों के विपरीत तरीके से ईंट निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

नदी के किनारे की जगह पर अवैध रूप से ईंट निर्माण से पर्यावरण पर बुरा असर पद रहा है

कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं:ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, बाहरी मजदूरों को बुलाकर बड़े पैमाने पर ईंटों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भारी मुनाफा कमाया जा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी कई शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनकी नाराजगी बनी हुई है।

जिला खनिज अधिकारी के.के. बंजारे ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है

आवश्यक कार्रवाई की जाएगी:जिला खनिज अधिकारी

इस मामले पर जिला खनिज अधिकारी के.के. बंजारे ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिली हैं। उन्होंने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version