DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बाँकी मोंगरा में पेयजल संकट को लेकर विपक्षी पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जल संयंत्र का किया निरीक्षण; आंदोलन की दी चेतावनी

संवाददाता साबीर अंसारी

कोरबा/बाँकी मोंगरा :– नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा क्षेत्र में कोहड़िया जल संयंत्र से होने वाली टैंपल जल आपूर्ति व्यवस्था पिछले 10 से 12 दिनों से बाधित होने पर विपक्षी पार्षदों ने गंभीर नाराजगी जताई है। इस समस्या के निराकरण की मांग को लेकर समस्त विपक्षी पार्षदों ने कोरबा कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के साथ ही पार्षदों ने कोहड़िया स्थित जल संयंत्र का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। पार्षदों ने मांग की है कि पेयजल आपूर्ति को नियमित किया जाए तथा दिन में कम से कम दो बार टैंपल पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुबह 3 से 4 बजे के बीच अनियमित रूप से होने वाली जल आपूर्ति को भी समय पर व्यवस्थित करने की मांग रखी गई।

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जल आपूर्ति ठप या अनियमित होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का प्रभावित होना बेहद गंभीर स्थिति है। मशीनरी खराब हो सकती है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था न होना चिंता का विषय है।

उन्होंने आगे कहा कि जनता लगातार “आज पानी आएगा” की उम्मीद में परेशान हो रही है, लेकिन समाधान नहीं मिल रहा है। यदि जल्द ही समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

वहीं पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार सहित अन्य पार्षदों ने संयुक्त रूप से कहा कि गर्मी के इस दौर में जल संकट अत्यंत गंभीर हो चुका है। यदि शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो सभी पार्षद जनता के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस दौरान कई पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version