DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी का विरोध:कोरबा में कांग्रेस ने की आर्थिक नाकेबंदी, हाईवे पर जलाए टायर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने आर्थिक नाकेबंदी शुरू कर दी है। कोरबा में अंबिकापुर-कटघोरा नेशनल हाईवे 130 पर जेजरा बायपास चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए।

प्रदर्शनकारियों ने ईडी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर टायर जलाकर चक्का जाम किया। कांग्रेस का आरोप है कि ईडी की कार्रवाई राजनीतिक प्रेरित है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और कटघोरा के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कोरबा में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।

पूरे प्रदेश में हुआ प्रदर्शन

विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन पूरे छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। पूर्व विधायक मोहितराम केरकेटा ने बताया कि ईडी ने चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन पर गिरफ्तार किया है, ये राजनीतिक षडयंत्र है।

कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने इस कार्रवाई को दुखद बताया। प्रदर्शन दोपहर 12 से 2 बजे तक चला। इस दौरान केवल मालवाहक वाहनों को रोका गया। सवारी वाहनों को जाने दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

Exit mobile version