DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

10 ग्राम सोना ₹1,01,506 के ऑलटाइम हाई पर पहुंचा:इस साल अब तक ₹25,344 महंगा हुआ, चांदी ₹1,17,110 किलो बिक रही

नई दिल्ली,एजेंसी। सोने-चांदी के दाम आज यानी 28 अगस्त को अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार आज सोना 622 रुपए बढ़कर 1,01,506 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इससे पहले सोना 1,00,884 रुपए पर था। वहीं चांदी की कीमत 1,240 रुपए बढ़कर 1,17,110 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 1,15,870 रुपए थी।

भोपाल सहित 4 महानगरों में 10 ग्राम सोने की कीमत

  • दिल्ली: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,02,750 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.94,200
  • मुंबई: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,02,600 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.94,050
  • कोलकाता: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,02,600 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.94,050
  • चेन्नई: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,02,600 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.94,050
  • भोपाल: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,02,500 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.94,100

सोना इस साल अब तक रू.25,344 महंगा हुआ

इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 25,344 रुपए बढ़कर 1,01,506 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से 31,093 रुपए बढ़कर 1,17,110 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं पिछले साल यानी 2024 में सोना 12,810 रुपए महंगा हुआ था।

इस साल रू.1 लाख 4 हजार तक जा सकता है सोना

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि अमेरिका के टैरिफ के चलते जियो पॉलिटिकल टेंशन बनी हुई है। इससे गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है और इसकी डिमांड भी बढ़ रही है। ऐसे में इस साल सोना 1 लाख 4 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं, चांदी इस साल 1 लाख 30 हजार रुपए तक जा सकती है।

सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें

हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड रहता है। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह होता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

Exit mobile version