DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण का आयोजन

कोरबा/चाकाबुड़ा। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, कोरबा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरस्वती बाल विद्या मंदिर, चाकाबुड़ा में रंगोली प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं चाकाबुड़ा अस्पताल परिसर में फलदार पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रंगोली प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुंदर एवं आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने वाले ऐसे आयोजन उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवा संकल्प अभियान समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुँचाने और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।

प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ पवन गर्ग ने कहा कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता भाजपा की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।

भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कार्यक्रम में अपनी भूमिका रखते हुए झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता, जनसेवा तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा, प्रदेश सहसंयोजक राजेश यादव, आर्थिक प्रकोष्ठ के कार्यालय प्रभारी दिनेश गर्ग, जवाली मंडल प्रभारी चुलेश्वर राठौर, प्रदेश सदस्य सुनील खांडे, मंडल अध्यक्ष श्रवण तंवर, मंडल महामंत्री महेंद्र यादव, विरेन्द्र नामदेव, ईश्वर बघेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती लीला राजवाड़े, श्रीमती भगवती ओड़े, पवन कमरों, पूरन पटेल, मनबोध दास, राजेश यादव बुंदेली , युवा नेता एवं सरपंच अजय निषाद , ग्राम पंचायत चाकाबुड़ा एवं कसाईपाली के सरपंचगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अंत में राजेश यादव बुंदेली ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा, संस्कार, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Exit mobile version