रायगढ़,एजेंसी। रायगढ़ में आयोजित 40वें चक्रधर समारोह का समापन शुक्रवार देर रात हुआ। समापन पर पद्मश्री कैलाश खेर ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अगले दिन शहर के एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और समारोह की जमकर तारीफ की।
कैलाश खेर ने कहा कि, जो जगता है वही जगाता है, जो जुड़ता है वही जोड़ता है। उन्होंने संगीत की परंपरा पर बात करते हुए कहा कि, शास्त्रीय संगीत से पहले गांव-गांव, गली-मोहल्लों में लोकसंगीत हुआ करता था, जो हमारी असली पहचान है। पढ़े-लिखे लोगों को शास्त्रीय संगीत भाता है जबकि कम पढ़े-लिखे लोग फोक संगीत को ज्यादा पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा कि संगीत भारत के रग-रग में बसा है। यहां तक कि भीख मांगने वाला भी गाकर भीख मांगता है।

पद्मश्री कैलाश खेर पत्रकारवार्ता में सवालों के जवाब देते हुए।
ऐसे आयोजन जारी रहने चाहिए
कैलाश खेर ने चक्रधर समारोह की सराहना करते हुए कहा कि, सरकार को इस तरह के बड़े आयोजन लगातार कराने चाहिए, जिससे कलाकारों को मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत कुछ कर रही है, लेकिन जनता को भी जिम्मेदारी निभानी होगी। सरकार और सरोकार (जनता) साथ आ जाएं तो चमत्कार होगा।
परंपराओं को जीवित रखना कर्तव्य
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना बेहद जरूरी है। त्योहारों को मनाना, बड़ों का सम्मान करना, उनके पैर छूना, ये सब हमारी पहचान हैं। इन्हें जीवित रखना हमारा कर्तव्य है।
कलाकारों को खुद तय करनी पड़ती है राह
रियलिटी शो से जुड़ी एक चर्चा पर उन्होंने कहा कि, कलाकारों को मंच मिलने के बाद आगे का सफर उन्हें खुद अपनी मेहनत से तय करना होता है। टीवी पर दिखने वाले कलाकारों के बारे में लोग मान लेते हैं कि वे जल्द टॉप पर पहुंच जाएंगे, लेकिन असल में प्रतिस्पर्धा बहुत बड़ी होती है।
जीवनशैली और अनुशासन पर बोले
कम उम्र में घर छोड़ने और खानपान की आदतों के बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने मीठा, खट्टा और ठंडा पीना सालों पहले ही छोड़ दिया है। मां ने जब कहा कि गाजर का हलवा और कलाकंद अब कहां मिलेगा, तब मैंने उनसे कहा कि आज के बाद मीठा ही नहीं खाऊंगा।
उन्होंने कहा कि यही वजह है कि लगातार विदेश और देश में शो करने के बावजूद उनका शरीर फिट और फुर्तीला है।
सफलता की पहली सीढ़ी असफलता
कैलाश खेर ने कहा कि, वे पिछले दस सालों से अपने जन्मदिवस पर नए गायकों को मंच देते आ रहे हैं। भारत में अब तक किसी गायक ने गायक को लॉन्च नहीं किया। हम ये कर रहे हैं।
उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि “सफलता की पहली सीढ़ी असफलता होती है। कोई भी जन्म से सफल नहीं होता, हर किसी को एक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।”
