DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पैरा एशियन गेम्स- भारत को 4 गोल्ड सहित 11 मेडल:जैवलिन में रिंकू-अजीत, दौड़ में सौम्या-राधा और शूटिंग में मोना-अवनी ने गोल्ड-सिल्वर दोनों दिलाया

नई दिल्ली, एजेंसी। एशियन पैरा गेम्स में भारत ने पहले दिन भारत ने 4 गोल्ड सहित 11 मेडल अपने नाम किए। जैवलिन थ्रो में रिंकू ने गोल्ड जीता, जबकि अजीत सिंह ने सिल्वर दिलाया। ऐसे ही महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 रेस में सौम्या और वेंकटेश राधा ने भारत को गोल्ड-सिल्वर दिलाया।

शूटिंग में भी भारत को दो मेडल मिले। मोना अग्रवाल ने गोल्ड और अवनी लेखरा ने सिल्वर मेडल जीता। दोनों ने महिलाओं की R2 10 मीटर एयर राइफल SH1 कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की। लॉन्ग जंप में भी निशाद कुमार ने गोल्ड हासिल किया।

रिंकू ने 65.11 मीटर का थ्रो फेंक सोना जीता

एशियन पैरा गेम्स में भारत के रिंकू ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो F46 इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 65.11 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो किया।

भारत के अजीत सिंह 65.02 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। इंडोनेशिया के रिजाल बागुस सक्तियोनो ने 55.30 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

रिंकू ने जैवलिन थ्रो के F46 इवेंट में गोल्ड जीता।

रिंकू ने जैवलिन थ्रो के F46 इवेंट में गोल्ड जीता।

सौम्या ने 5 मिनट 12.39 सेकंड में रेस पूरी की

एशियन पैरा गेम्स में भारत की सौम्या ने महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 रेस में गोल्ड मेडल जीता। गाइड भारत कुमार के साथ दौड़ते हुए उन्होंने 5 मिनट 12.39 सेकंड का पर्सनल बेस्ट टाइम निकाला। उन्हें 621 पॉइंट्स मिले।

भारत की वेंकटेश राधा ने गाइड गोविंद सोलंकी के साथ 5 मिनट 30.90 सेकंड का समय लेकर सिल्वर मेडल जीता। जापान की माना सासाकी 336 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

निशाद कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में गोल्ड जीता

एशियन पैरा गेम्स में भारत के निशाद कुमार ने पुरुषों के लॉन्ग जंप T47 इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 7.11 मीटर की छलांग लगाई। निशाद ने यह दूरी दो बार हासिल की।

उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर की सीजन बेस्ट छलांग के साथ सिल्वर, जबकि श्रीलंका के मोहम्मद सफरान ने 6.55 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

निशाद ने फाइनल में 7.11 मीटर की छलांग लगाई।

मोना अग्रवाल ने 250 अंक, अवनी लेखरा ने 249.6 अंक हासिल किए

पैरा एशियन गेम्स में मोना ने गोल्ड और अवनी ने सिल्वर जीता। ये दोनों मेडल R2 विमेंस 10 मीटर राइफल शूटिंग की SH1 कैटेगरी में आए। इसमें कमर से नीचे की दिव्यांगता वाले शूटर हिस्सा लेते हैं।

मोना ने 250.0 अंक और अवनी ने 249.6 अंक हासिल किए। कोरिया की युनरी ली ने 227.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

मोना पहले और अवनी दूसरे स्थान पर रहीं। (फाइल फोटो)

आखिरी शॉट तक चला गोल्ड मेडल मैच

जयपुर की दोनों निशानेबाजों के बीच मुकाबला 24 शॉट के फाइनल के आखिरी शॉट तक चला। निर्णायक शॉट से पहले मोना 0.1 अंक की बढ़त पर थीं। उस समय स्कोर 239.1 और 239.2 था। मोना ने आखिरी शॉट में 10.8 अंक हासिल किए। अवनी ने 10.5 अंक बनाए।

अवनी के सिल्वर मेडल से भारत को 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक्स के लिए दूसरा कोटा स्थान मिला। मोना ने पिछले महीने साउथ कोरिया में वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट (WSPS) वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर जीतकर पहला कोटा दिलाया था। PMO ने दोनों शूटर्स को बधाई दी…

मोना को 9 महीने की उम्र में पोलियो हुआ

मोना अग्रवाल राजस्थान की पैरा-शूटिंग खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 8 नवंबर 1987 को हुआ था। नौ महीने की उम्र में उन्हें पोलियो हुआ था और दोनों पैर प्रभावित हुए।

पैरा-शूटिंग शुरू करने से पहले मोना पैरा-एथलेटिक्स और पैरा-पावरलिफ्टिंग में हिस्सा लेती थीं। उन्होंने महिलाओं की सिटिंग वॉलीबॉल में भी अहम भूमिका निभाई।

गोल्ड मेडल जीतने के बाद मोना अग्रवाल।

राजस्थान महिला टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं मोना

  • 2019 में मोना ने राजस्थान की महिला टीम की कप्तानी की। टीम ने पहली नेशनल सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप में गोल्ड जीता। मोना ने दिसंबर 2021 में राइफल शूटिंग शुरू की। 2022 में उन्होंने नेशनल लेवल पर सिल्वर जीता।
  • 2023 में मोना ने ओसिजेक, क्रोएशिया में वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट वर्ल्ड कप के मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज जीता। उसी साल चांगवोन के वर्ल्ड कप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 कैटेगरी में गोल्ड जीता।
  • मार्च 2024 में नई दिल्ली में हुए वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट वर्ल्ड कप में मोना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल SH1 कैटेगरी में गोल्ड जीता। उन्होंने 250.7 का स्कोर किया। इसके साथ उन्होंने एशियन रिकॉर्ड बनाया और भारत के लिए पैरालंपिक कोटा स्थान हासिल किया।
  • मोना ने पेरिस 2024 पैरालंपिक गेम्स में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता।मोना को 2024 में अर्जुन अवॉर्ड मिला।

कार एक्सीडेंट में अवनी की रीढ़ की हड्‌डी में चोट लगी

2012 में कार दुर्घटना के दौरान अवनी लेखरा की रीढ़ की हड्डी में चोट लगी थी। उस समय वह 10 साल की थीं। ठीक होने के दौरान उनके पिता ने उन्हें खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

अवनी ने ओलिंपिक शूटिंग चैंपियन अभिनव बिंद्रा की आत्मकथा ‘ए शॉट एट हिस्ट्री’ से प्रेरित होकर 2015 में शूटिंग शुरू की। अवनी ने बताया है कि शूटिंग ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद की। इससे वह लोगों से बातचीत करने में भी सहज हुईं।

अवनी ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से पांच साल की लॉ डिग्री की पढ़ाई की।

जूडो में कोकिला को सिल्वर, कपिल ने ब्रॉन्ज जीता

भारत की दृष्टिबाधित जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिलाओं के जे2 -52 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। वे इस कैटेगरी का फाइनल मैच हार गईं।

इसके अलावा, मध्यप्रदेश के कपिल परमार ने पुरुषों के जे-1 की -70 किलोग्राम वेट कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाड़ी हनाफ रफली शिदकी को इप्पोन से हराया।

J1 कैटेगरी में गंभीर रूप से दृष्टिबाधित खिलाड़ी शामिल होते हैं। इसमें पूरी तरह से दृष्टिहीनता से लेकर बहुत कम रोशनी दिखाई देने तक की स्थिति शामिल है।

कपिल सेमीफाइनल मैच हार गए थे। इसलिए उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलना पड़ा।

Exit mobile version