कोरबा। शहर में देखरेख व मरम्मत के अभाव में बदहाली के हाल में पहुंच चुके यात्री प्रतीक्षालय (सिटी बस स्टॉपेज) की अब सुध लेते हुए नगर निगम मरम्मत कार्य करा रहा है। प्रतीक्षालयों को स्वच्छ कोरबा-स्वस्थ कोरबा के थीम पर नया लुक दिया जा रहा है।
शहर के सौंदर्यीकरण के बीच बुधवारी बाजार, घंटाघर समेत अन्य क्षेत्र में बने यात्री प्रतीक्षालय (सिटी बस स्टॉपेज) मरम्मत के अभाव में बदहाल हालत में नजर आ रहे थे। वर्षों से ऐसे हाल में होने के बावजूद मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था। यात्री प्रतीक्षालयों में कहीं पर कुर्सियां टूटीं और जर्जर नजर आ रही थी तो कहीं पर कबाड़ चोरों ने स्टील की रेलिंग समेत बेंच और डिस्प्ले बोर्ड ही पार कर दिए। इसकी वजह से यात्रियों को सड़क पर ही खड़े होकर बस समेत दूसरे यात्री वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
