DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पटवारी, तहसीलदार की मिलीभगत से जमीन दलालों ने सण्डैल की 20 एकड़ जमीन को पट्टा के नाम पर बेचा!पटवारी आभा सोनी निलंबित

तहसीलदार अभिजीत राजभानू पर भी कार्यवाही संभव, जमीन दलालों पर हो सकती है एफआईआर
कोरबा/बरपाली।
कोरबा जिले की बरपाली तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सण्डैल की 20 एकड़ जमीन को लेन-देन कर पटवारी आभा सोनी, तहसीलदार अभिजीत राजभानू से मिलीभगत कर जमीन दलालों ने शासन की गाईड लाईन का उल्लंघन करते हुए सरकारी पट्टा देने के नाम पर बेच दिया। सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि 20 एकड़ को जितने लोगों के नाम से नामांतरण और रजिस्ट्री कराई गई, सभी का एमडी नम्बर एक ही है। जितने नाम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई, उन सभी का एमडी नम्बर 202425550108500001 आदेश दिनांक 06.11.2024 है। सबसे बड़ा मामला यह है कि सण्डैल की जमीन को पहंदा, गिधौरी निवासियों के नाम से भी पटवारी और तहसीलदार ने नाम दर्ज कर दिया। पटवारी और तहसीलदार ने एक ही परिवार के कई सदस्यों के नाम फर्जीवाड़ा कर पट्टा बना दिया।

इन लोगों के नाम जारी किया पट्टा


ननकीराम पिता जतीराम-सण्डैल, अमृतलाल पिता जतीराम-सण्डैल, कीर्तनलाल पिता फिरतराम, देवनारायण पिता फिरतराम-सण्डैल, मेघराज पिता रिखीराम-सण्डैल, सत्यनारायण पिता रोहितराम, विनोद कुमार पिता मेघराज एवं उसकी पत्नी अहिल्याबाई पति विनोद कुमार, अमिल बिंझवार पिता इतवार एवं उसकी पत्नी मिलौतिन बाई पति अमिल बिंझवार, कविता कश्यप पति रामकिर्तन, जयकिशन चौकसे पिता खीकराम चौकसे शामिल हैं। पटवारी और तहसीलदार ने एक से डेढ़ एकड़ तक नाम दर्ज कर दिया।
14 जुलाई को जनदर्शन में शिकायत


जनपद सदस्य चंदा कश्यप, सरपंच उषा बाई, उपसरपंच रामकुमार यादव सहित सभी पंच सुभौतिन, दिलहरण, अनिता, मीना, सुमनलता, संजय, धनंजय, महेश, सुखमनी, नीरा, रामकुमार, रामकुमारी, मोहनलाल, लक्ष्मण सिंह, करिश्मा सहित ग्रामीणजन 14 जुलाई को जनदर्शन में पहुंचकर मामले की शिकायत की थी, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी कार्यवाही करते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया। तहसीलदार पर भी गाज गिर सकती है।


तहसीलदार पर भी हो कार्यवाही, जमीन दलालों पर एफआईआर-रामकुमार
ग्राम पंचायत सण्डैल के उपसरपंच रामकुमार यादव ने कलेक्टर से मांग की है, चंूकि जारी किसान पत्र (पट्टा)में पटवारी के साथ तहसीलदार का भी हस्ताक्षर है और दोनों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। जमीन दलाल कोमल प्रसाद, पटवारी का रिश्तेदार है ने विनोद, अमिल बिंझवार के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा किया और करोड़ों रूपए की उगाही की। जमीन दलालों पर एफआईआर हो।

तहसीलदार से नहीं हो सका सम्पर्क
इस संबंध में प्रतिक्रिया जानने तहसीलदार अभिजीत राजभानू के मोबाईल नम्बर 80765-11661 से सम्पर्क किया गया और घंटों तक उनका मोबाईल ब्यस्त आने के कारण सम्पर्क नहीं हो सका। दूसरे दिन भी कई बार फोन किया गया, तब भी उनका मोबाईल घंटों तक ब्यस्त रहा। कई बार मिसकॉल जाने के बाद भी उनका कालबेक नहीं आया।

Exit mobile version