DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

संस्कृति की रक्षा के लिए जांजगीर-नैला में दिखा जनसैलाब, व्यापारियों के अभूतपूर्व समर्थन से ऐतिहासिक ‘नगर बंद’ सफल

जांजगीर-चांपा। कांकेर के आमाबेड़ा में जनजातीय समाज की परंपराओं पर हुए आघात और ईसाई मिशनरियों की गतिविधियों के विरोध में आज जांजगीर-नैला की सड़कों पर एकता का शंखनाद हुआ। सर्व समाज छत्तीसगढ़ के आह्वान पर आयोजित ‘जांजगीर नगर बंद’ पूर्णतः सफल रहा, जहाँ व्यापारियों से लेकर आम जनमानस ने अपनी स्वेच्छा से प्रतिष्ठान बंद रख इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

विशाल पदयात्रा और गगनभेदी नारे

प्रातः 9 बजे नैला के परशुराम चौक से विशाल पैदल रैली का शुभारंभ हुआ। रैली में सर्व समाज के भारी संख्या में लोग हाथों में अपनी संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की तख्तियां लिए शामिल हुए। “अपनी संस्कृति-अपनी पहचान” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। यह पदयात्रा नैला से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कचहरी चौक पहुंची।

व्यापारी जगत का ऐतिहासिक सहयोग

बंद का असर व्यापक रहा। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स (इकाई जांजगीर) के आह्वान पर शहर की छोटी-बड़ी सभी दुकानें और व्यापारिक संस्थान पूरी तरह बंद रहे। विशेष बात यह रही कि जिन आवश्यक सेवाओं (दवाई दुकान, स्वास्थ्य एवं अन्य सभी आवश्यक आपातकालीन सेवाएं, स्कूल, सरकारी कार्यालय) को बंद से राहत दी गई थी, उन्होंने भी अपना आधा शटर गिराकर और आंशिक रूप से कार्य कर इस विरोध प्रदर्शन को अपना नैतिक समर्थन दिया। व्यापारियों के इस एकजुट सहयोग की सर्व समाज द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई।

प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

रैली के समापन पर कचहरी चौक में एक सभा आयोजित की गई, जिसके पश्चात SDM (अनुविभागीय अधिकारी) को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि जनजातीय परंपराओं पर हो रहे प्रहार और अवैध मतांतरण की साजिशों पर तुरंत रोक लगाई जाए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

शांतिपूर्ण और अनुशासित प्रदर्शन

सर्व समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन पूर्णतः लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहा। उन्होंने कहा, *”आज का यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि समाज अपनी जड़ों और गौरवशाली परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा।”*

इस सफल आयोजन के लिए सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने नगर के व्यापारियों, युवाओं, मातृशक्ति और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Exit mobile version