DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में मछलियों से भरा पिकअप पलटा:सड़क पर बिखरी मछलियां, राहगीर लूटकर भागे, हादसे में ड्राइवर को आई मामूली चोटें

कोरबा। कोरबा के सर्वमंगला-कनेवरी मार्ग पर जोड़ा पुल के पास मछलियों से भरा एक पिकअप वाहन पलट गया। इस हादसे में वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

वाहन पलटने के बाद मछलियों से भरी बोरियां सड़क पर बिखर गई। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर बिखरी मछलियां उठानी शुरू कर दीं, जिससे घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक ने लोगों से मछलियां डिब्बे में डालने के लिए कहा, लेकिन कई लोग मछलियां लेकर भाग गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सर्वमंगला-कनेवरी मार्ग बनने के बाद से इस पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारित करने और नियमित गश्त की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

उरगा थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version