DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप, राजस्थान के 1 मजदूर की मौत:कोरबा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हादसा, 4 घायल; जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कोरबा के पंतोरा मुख्य मार्ग पर भारतमाला रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में सड़क निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 17 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे हुई।

बताया जा रहा है कि जीआरआईएल बलौदा नामक कंपनी भारतमाला रोड पर डिवाइडर पट्टी का काम कर रही है। पिकअप वाहन में सवार होकर पांच मजदूर काम पर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। बता दें कि मृतक राजस्थान का रहने वाला था।

4 मजदूर की हालत गंभीर

हादसे में मुकेश कुमार (28 साल) की मौके पर ही मौत हो गई। मुकेश मूल रूप से शाहपुरा, राजस्थान के रहने वाले थे। गंभीर रूप से घायल चार मजदूरों को कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतक के परिजन कोरबा आ रहे

नेशनल हाईवे पर काम कर रहे कर्मचारी राम कैलाश, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल लाया गया था। उन्होंने मृतक के परिवार को फोन पर सूचना दे दी है, जो राजस्थान से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं।

परिजनों के आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

पंतोरा थाना प्रभारी बसंत कुमार साव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हैं। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज से मेमो मिला है।

परिजनों के आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version