DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पायलट ने भाजपा से घुसपैठियों पर 11 साल का हिसाब-मांगा:धमतरी में बोले- SIR प्रक्रिया में बेवजह मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे

धमतरी,एजेंसी। संविधान दिवस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव सचिन पायलट धमतरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा से पूछा कि उसने पिछले 11 सालों में कितने घुसपैठियों को देश से बाहर भेजा है, इसकी सूची जारी करे।

सचिन पायलट ने भाजपा पर घुसपैठियों के नाम पर लोगों को भयभीत करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि केंद्र में उनकी सरकार को 11 साल हो गए हैं, वे बताएं कि उन्होंने कितने बांग्लादेशियों को भारत से बाहर भेजा है।

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को भ्रमित कर रही है और बेवजह मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे हैं। SIR प्रक्रिया हमेशा लोकतंत्र में शुद्धिकरण और नए मतदाता जोड़ने की प्रक्रिया रही है।

लेकिन, अब यह आशंका का विषय बन गई है। यह प्रक्रिया बहुत जल्दबाजी में कराई जा रही है, यहां तक कि उन जगहों पर भी जहां चुनाव में अभी तीन साल बाकी हैं। इस प्रक्रिया को जटिल बनाकर कुछ हासिल करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों को इस पर डटे रहना होगा।

मीडिया से चर्चा करते हुए कही ये बातें

मीडिया से चर्चा करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि संविधान दिवस के दिन सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि बाबा साहब अंबेडकर ने जो संविधान बनाया है, उसमें सभी को अधिकार दिए गए हैं। दबाव की राजनीति, टकराव की राजनीति और नफरत के लिए उसमें कोई जगह नहीं है।

दुर्भाग्य से देश में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जहां द्वेष, टकराव और दुश्मनी की भावना बढ़ रही है तथा एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो संविधान के बिल्कुल विपरीत है।

Exit mobile version