बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ यात्रा के दूसरे दिन बिलासपुर के बेलतरा में सचिन पायलट ने कहा कि जो लोग जिंदा हैं, उनको चुनाव आयोग ने मरा बता दिया। करोड़ों वोटर्स के नाम काट दिए। चुनाव आयोग के साथ मिलकर बीजेपी वोट चोरी कर रही है। बीजेपी वोट चोरी कर सत्ता में आई है।
वहीं पायलट ने मुंगेली में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सिर्फ नाम की है। वे धर्म और जाति के नाम पर लोगों को भड़काकर राजनीति कर रहे हैं। यही उनकी नीति है। वोट चुराकर सरकार बनाने वालों को गद्दी छोड़नी पड़ेगी।
पायलट ने कहा कि हम हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं। दिल्ली में चुनाव आयोग को सौंपेंगे, जिसमें करोड़ों लोगों के हस्ताक्षर होंगे। वहीं उन्होंने कहा कि ED ने 5,000 से ज़्यादा मामले दर्ज किए हैं, लेकिन सिर्फ़ छह लोगों को ही दोषी ठहराया गया। बाकी भाजपा के इशारे पर डराने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं मुंगेली में भूपेश बघेल ने कहा कि बिजली कटौती सांय सांय और बिल आंय बांय आ रहा है। किसान पंजीयन में गड़बड़ी हो रही है। विष्णुदेव को प्रदेश की जनता की कोई परवाह नहीं है, वे चैन की नींद सो रहे हैं। इसे कहते हैं वोट चुराकर जीतना। भाजपा सरकार में लोगों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है।
बैज ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और बीजेपी के गठबंधन को बेनकाब किया। बीजेपी वोट चोरी कर सत्ता हासिल कर रही है, उसको बेनकाब करने आए हैं। वोट चोरों की सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता कि बिजली का बिल 500 की जगह 2000 आ रहा है। 10 हजार स्कूल बंद हो गए। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं।

बिलासपुर में कांग्रेस की वोट चोर गद्दी छोड़ सभा में सचिन पायलट।
चरणदास ने मोदी को वोट चोर बताया
वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि वोटों की चोरी कर जो राज कर रहा है, उसका नाम है नरेंद्र मोदी। कांग्रेस विधायक देवेंद्र ने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी को धंधा बना लिया है, इसीलिए वे लगातार सत्ता में आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का एक-एक सिपाही वोट चोरी के खिलाफ लड़ेगा।
बता दें कि पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव खुद कार ड्राइव करते हुए कोरबा से बेलतरा पहुंचे। काफिले में उनके साथ अगली सीट पर सचिन पायलट थे, जबकि कार में चरणदास महंत, दीपक बैज और ताम्रध्वज साहू भी मौजूद थे।
इस पर बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जनता के जनादेश से EVM पीड़ित कांग्रेस नेताओं ने मानसिक संतुलन खो दिया है। राजस्थान में मुख्यमंत्री न बनने की पीड़ा लेकर आए पायलट अब छत्तीसगढ़ में भी लैंड नहीं कर पा रहे हैं। अगर पायलट बेलतरा आए हैं तो सेंदरी भी आएं, मैं खुद मानसिक चिकित्सालय में उनका इलाज कराऊंगा।
