DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

साउथ कोरिया में प्लेन क्रैश, 96 की मौत:बैंकॉक से आ रहा विमान एयरपोर्ट बाउंड्री से टकराकर ब्लास्ट; 181 सवार थे, 2 को जिंदा बचाया

सियोल । साउथ कोरिया में रविवार को बैंकॉक से आ रही जेजू एयर की एक फ्लाइट मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्रैश हो गई। कोरिया टाइम्स के मुताबिक हादसे में 181 लोगों में से 96 लोगों के शव बरामद हुए हैं। 2 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है, इसके अलावा अन्य 76 यात्रियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

न्यूज एजेंसी योनहाप के मुताबिक एयरपोर्ट पर लैंड करते वक्त प्लेन के लैंडिग गियर में खराबी आई थी। इसकी वजह से प्लेन को बिना लैंडिंग गियर के लैंड करना पड़ा।

लैंड करने के बाद प्लेन रनवे पर फिसलता हुआ, एयरपोर्ट की फैंस (बाउंड्री) से टकराकर क्रैश हो गया। एजेंसी के मुताबिक विमान में 6 क्रू मेंबर और 175 यात्री सवार थे।

हादसा भारतीय समय के मुताबिक सुबह 5:37 बजे (लोकल टाइम सुबह 9:07 बजे) हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट पर सभी लोकल और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।

पहली बार में लैंड नहीं कर पाया प्लेन

जेजू एयरलाइन का जो प्लेन क्रैश हुआ है, वह अमेरिकी कंपनी बोइंग का 737-800 प्लेन था। प्लेन ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए दो बार कोशिश की। पहली बार में भी लैंडिग गियर नहीं खुलने की वजह से प्लेन लैंड नहीं हो पाया था। इसके बाद प्लेन ने एयरपोर्ट का एक चक्कर लगाया था।

पायलट ने दूसरी बार प्लेन को बिना लैंडिग गियर के ही लैंड करा दिया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में मुताबिक प्लेन के विंग से पक्षी के टकराने का दावा किया जा रहा है। इसकी वजह से लैंडिग गियर खराब हुआ और लैंड करते वक्त खुल नहीं पाया।

आग बुझाने में 43 मिनट लगे

मुआन एयरपोर्ट के दमकल अधिकारी ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से बात करते हुए बताया कि प्लेन में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि आग को बुझाने में 43 मिनट का वक्त लगा।

फिलहाल क्रैश साइट पर बचाव कार्य जारी है। ज्यादातर लोग प्लेन के पिछले हिस्से में थे, उन्हें वहां से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। प्लेन में सवार यात्रियों में 173 साउथ कोरियाई और 2 थाईलैंड के नागरिक थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिंदा बचे दोनों लोग क्रू मेंबर्स हैं।

4 दिन पहले कजाकिस्तान में हुआ था प्लेन क्रैश

25 दिसंबर को अजरबैजान से रूस जा रहा एक प्लेन कजाकिस्तान के अक्ताउ एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गया था। प्लेन में 5 क्रू मेंबर समेत 67 लोग सवार थे। इनमें से 38 लोगों की मौत हो गई थी। प्लेन अजरबैजान की राजधानी बाकू से ग्रोज्नी पहुंचा पहुंचना था।

हादसे की तस्वीरें…

जेजू एयरलाइन्स की फ्लाइट 2216 बैंकॉक से आ रही थी। लैंडिंग के दौरान हादसा हुआ।

फ्लाइट रनवे पर फिसल गई, जिससे तेज धमाका हुआ और विमान में आग लग गई।

घटनास्थल से उठता धुएं का गुबार। विमान के पिछले गेट से लोगों को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है।

Exit mobile version