DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रिकांडो रोड में ग्रीन बेल्ट व दर्री में वेंडिंग जोन के लिए प्लानिंग

कोरबा। साकेत के मुख्य प्रशासनिक भवन सभाकक्ष में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने ​नगर निगम से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को शहर के महाराणा प्रताप चौक बुधवारी से गुरुघासीदास चौक की ओर जाने वाले रिकांडो रोड पर सड़क के एक ओर ग्रीन बेल्ट विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही दुकानों को व्यवस्थित कर पूरी सड़क को विकसित करने कहा। दर्री क्षेत्र में वेंडिंग जोन का प्रस्ताव बनाने के भी निर्देश दिए। ध्यानचंद चौक में अनियंत्रित रूप से लगने वाले ठेला गुमठी को व्यवस्थित करने समेत बुधवारी स्थित पौनी पसारी मैदान में निर्माणाधीन पालिका बाजार से जुड़े कार्यो को समय पर पूरा करने की हिदायत दी। निगमायुक्त पांडेय ने कहा कि लोगों की सेवाओं व सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दें। निगमायुक्त ने वित्त आयोग , अधोसंरचना द, जिला खनिज न्यास , सीएसआर , प्रभारी मंत्री , सांसद , विधायक समेत अन्य मदों से जारी कार्यों की प्रगति की जोनवार समीक्षा की।

स्वच्छता ही सेवा अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अभियान के तहत किए गए कार्यो को योजनाबद्ध रूप से रिवाईज करने अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, अखिलेश शुक्ला, एनके नाथ, विनोद शांडिल्य आदि मौजूद रहे। बैठक में आयुक्त ने नोटिस थमाने पर भी विकास व निर्माण कार्य आवंटित कई एजेंसियों द्वारा काम शुरू नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करने कहा। साथ ही निर्देश दिए कि अनुबंध शर्तों के उल्लंघन पर निर्माण एजेंसियों के खिलाफ ब्लैक लिस्टेड की कार्रवाई की जाए।

Exit mobile version