DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पीएम गतिशक्ति पोर्टल से समन्वित होगी अधोसंरचना परियोजनाओं की योजना

जिला स्तरीय कार्यशाला में विभागों को लॉगिन, परियोजना प्रविष्टि और जीआईएस आधारित योजना निर्माण का प्रशिक्षण

कोरबा, 29 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के जीआईएस आधारित पोर्टल के प्रभावी उपयोग के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों को पोर्टल पर पंजीयन, लॉगिन, परियोजना की प्रविष्टि तथा उपलब्ध जानकारी के उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई।

रायपुर से आए उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क, भवन और अन्य अधोसंरचना कार्यों की योजना बनाते समय संबंधित विभाग पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी देखें और आपस में समन्वय करें। इससे प्रस्तावित कार्यों के बीच संभावित टकराव की पहचान पहले ही की जा सकेगी तथा परियोजनाओं में विलंब और अतिरिक्त लागत कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विभागों से अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के साथ उसे नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा।

प्रशिक्षण में पीएम गतिशक्ति पोर्टल के साथ छत्तीसगढ़ शासन के सीजी जियो पोर्टल की उपयोगिता भी बताई गई। अधिकारियों को अधोसंरचना परियोजनाओं की योजना बनाते समय पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां करने तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति से जुड़ी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की जानकारी दी गई। कार्यशाला में पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई और बताया गया कि आवश्यकता होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी पोर्टल के उपयोग संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को पोर्टल पर लॉगिन कर अपने विभाग की परियोजनाओं की प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समय पर जानकारी साझा होने से कार्यों की योजना और क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version