DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

PM मोदी ने बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाई:कहा- हथियार वाले नक्सली गए, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा, ये लोगों को भड़का रहे

रायपुर, एजेंसी। पीएम मोदी ने रविवार को कहा कि नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों से खतरा है।

उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने कई राजनीतिक संगठनों में घुसपैठ कर ली है। हमें उनकी पहचान कर खत्म करना होगा। ये लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं।

पीएम ने यह बात छत्तीसगढ़ के बस्तर में कोबरा ऑपरेशंस बेस में CRPF जवानों के सामने कही। पीएम यहां दिवाली मनाने पहुंचे थे। उन्होंने 42 मिनट स्पीच दी।

पीएम लगातार 13वीं बार जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे थे। इससे पहले 12 मौकों पर उन्होंने देश के अलग-अलग सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया था। सबसे ज्यादा 3 बार जम्मू-कश्मीर गए। दो-दो बार हिमाचल प्रदेश और लद्दाख जा चुके हैं।

देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हुआ, मोदी के भाषण की 5 बातें

1. नक्सलवाद का डर खत्म: 2026 की दिवाली बेहद खास है। 40-50 साल बाद पहली बार देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। करोड़ों लोगों ने नक्सलवाद का डर पीछे छोड़ दिया है।

2. एक साल में CRPF का जवान शहीद नहीं: पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान CRPF के किसी जवान की जान नहीं गई। यह सुरक्षा बलों के शौर्य, साहस और सरकार की सही नीतियों की जीत है।

3. पिछली सरकारों ने कुछ नहीं किया: 2004 से 2013 तक हर साल नक्सलियों के मुकाबले हमारे ज्यादा जवान शहीद हुए। पिछली सरकारों ने नक्सलवाद को ऐसी बीमारी मान लिया था, जिसका कोई इलाज नहीं है।

4. आंतरिक सुरक्षा जरूरी: जब किसी देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है, तो बाहरी दुश्मन सफल नहीं हो पाते, लेकिन जब आंतरिक सुरक्षा कमजोर होती है, तो बाहरी दुश्मन भी सिर उठाने लगते हैं।

5. 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 साल में भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धि बताया।

जवानों को मिठाई खिलाई

पीएम बस्तर के करणपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे, तो जवानों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

पीएम ने जवानों को मिठाई बांटी।

पीएम ने महिला जवानों को मिठाई खिलाई।

पीएम ने कहा, सफलता के लिए सही इरादे और सही नीतियां चाहिए

पीएम ने कहा, ‘सफलता के लिए सही इरादे और सही नीतियां जरूरी हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हमने एक के बाद एक कई कड़े फैसले लिए। ऐसे कई कदम भी उठाए गए, जिनके बारे में लोगों को आज भी जानकारी नहीं है।

इन फैसलों और प्रयासों से नक्सलियों और अलगाववादियों की फंडिंग पर बड़ी चोट की गई। नकली नोटों के नेटवर्क को खत्म किया गया। इससे न केवल उनकी आर्थिक ताकत टूटी, बल्कि उनकी पूरी सप्लाई लाइन भी बाधित हो गई। इसके परिणामस्वरूप हथियारों की सप्लाई रुक गई और नक्सलियों की आवाजाही और भर्ती पर भी रोक लगी।

मोदी ने कहा, नक्सलियों से ज्यादा हमारे बहादुर जवान शहीद हुए

पीएम ने कहा, अगर आप 2004 से 2013 तक के आंकड़े देखें, तो पाएंगे कि हर साल नक्सलियों के मुकाबले हमारे ज्यादा बहादुर जवान शहीद हुए। दुर्भाग्य से उस समय की सरकारों ने नक्सलवाद को ऐसी बीमारी मान लिया था, जिसका कोई इलाज नहीं है और इसे ऐसे ही छोड़ दिया था।

माओवादी आतंक और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आसान नहीं थी। नक्सलियों ने लोगों से वोट डालने का अधिकार तक छीन लिया था। एक साल में नक्सली हमलों की संख्या 2,000 तक पहुंच गई थी। 2010 में पास के दंतेवाड़ा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में CRPF के 76 जवान शहीद हुए थे। उसी साल दंतेवाड़ा में एक दूसरी घटना में 44 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी गई थी।

पीएम ने जवानों से कहा- आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं

पीएम ने कहा, ‘आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। इस बार मैं बस्तर के जंगलों में आपके साथ दिवाली मनाने आया हूं। यह वही इलाका है, जहां कभी नक्सलवाद का आतंक था। आपके बलिदान और समर्पण की वजह से अब इस इलाके से नक्सलवाद खत्म हो गया है और यहां विकास की नई लहर शुरू हुई है।’

Exit mobile version