DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

PM मोदी नाइजीरिया दौरे पर रवाना:17 साल बाद भारतीय PM का दौरा; यहां 150+ भारतीय कंपनियां, 2 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार

नई दिल्ली,एजेंसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे नाइजीरिया रवाना हो गए। वे राष्ट्रपति अहमद टिनूबू के न्योते पर पहली बार नाइजीरिया जा रहे हैं।

यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का 17 साल में पहला नाइजीरिया दौरा होगा। मोदी से पहले साल 2007 में तत्कालीन PM डॉ. मनमोहन सिंह नाइजीरिया के दौरे पर गए थे।

PM मोदी रविवार को राष्ट्रपति टिनूबू से मुलाकात करेंगे। उनके बीच भारत-नाइजीरिया के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके बाद मोदी राजधानी अबुजा में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।

नाइजीरिया में 150 से ज्यादा भारतीय कंपनियां हैं, जिनका 2 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार है।

भारत के लिए अहम क्यों है नाइजीरिया तेल और गैस के विशाल भंडार की वजह से नाइजीरिया, अफ्रीका के अहम देशों में से एक है। यह देश भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करता है। अफ्रीका में भारतीय निवेश खासकर ऊर्जा, खनन, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है।

नाइजीरिया इस्लामिक देशों के संगठन (OIC) और तेल उत्पादक देशों के संगठन (OPEC) का अहम सदस्य है। ये दोनों संगठन भारत की कूटनीति और आर्थिक नीति के लिए अहम हैं।

Exit mobile version