DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

PM मोदी बोले-नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे:रू.15 हजार करोड़ की मदद दी, नेपाल को एक हवाई रास्ता देने पर भारत राजी

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के साथ रिश्तों को और मजबूत करने के लिए 15 हजार करोड़ भारतीय रुपए की मदद का ऐलान किया। बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए मोदी ने साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।

वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

इस दौरान नेपाल-भारत के बीच काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई रूट दोनों तरफ से शुरू करने पर सहमति बनी। इससे लखनऊ से आने वाले विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू पहुंच सकेंगे।

बालेन शाह ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु से मुलाकात की

नेपाल-भारत के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने पर सहमति

बालेन शाह के भारत दौरे में दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क को लेकर अहम फैसला हुआ है। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी-345) हवाई रास्ते को अब दोनों दिशाओं में इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अभी इस रास्ते का इस्तेमाल नेपाल से भारत जाने वाली उड़ानों के लिए होता है। नए फैसले के बाद भारत से आने वाले विमान भी इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे।

हालांकि, महेंद्रनगर वाले रास्ते पर अभी सहमति नहीं बनी है। दोनों देशों के अधिकारी इस पर बातचीत कर रहे हैं।

नए फैसले से पश्चिमी नेपाल में स्थित भैरहवा के गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान हो सकता है। नेपाल को उम्मीद है कि इससे भैरहवा और पोखरा के हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।

महेंद्रनगर वाले रास्ते पर सहमति नहीं बनी

नेपाल की दूसरी बड़ी मांग महेंद्रनगर के रास्ते अंतरराष्ट्रीय विमानों को भारत की तरफ से नेपाल में प्रवेश देने की है। यह काठमांडू-महेंद्रनगर (एल-626) हवाई रास्ता है। अभी इस रास्ते का इस्तेमाल नेपाल से बाहर जाने वाली उड़ानों के लिए किया जा सकता है। नेपाल चाहता है कि भारत से आने वाले विमान भी इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश कर सकें।

इस रास्ते पर सहमति नहीं बनने की एक बड़ी वजह विमानों की उड़ान की ऊंचाई को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद है।

नेपाल 15 हजार करोड़ में से कर्ज वाला हिस्सा ब्याज सहित लौटाएगा

मदद की रकम में दो हिस्से होती है। अनुदान और रियायती कर्ज। अनुदान वापस नहीं करना होता। जबकि रियायती कर्ज ब्याज सहित लौटाना होता है। भारत की 15 हजार करोड़ की मदद में दोनों हिस्से शामिल हैं। हालांकि, अभी यह जानकारी नहीं आई है कि इसमें कितना अनुदान और कितना कर्ज है।

भारत ने 2015 में नेपाल में आए भूकंप के बाद 1 अरब डॉलर की सहायता दी थी। इसमें 250 मिलियन डॉलर अनुदान और 750 मिलियन डॉलर कर्ज था।

भारत-नेपाल के बीच 200 KM का चक्कर खत्म

भारत और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को अब करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने दिल्ली से बटन दबाकर काली नदी पर बने छारछुम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मोटर पुल का वर्चुअल उद्घाटन किया।

यह पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के लोगों की आवाजाही आसान होगी। अब तक लोगों को एक-दूसरे के यहां जाने के लिए करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता था।

इस मौके पर PM मोदी ने कहा कि पुल शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उद्घाटन के दौरान छारछुम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे। रं समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर इस मौके का जश्न मनाया।

भारत-नेपाल के बीच 8 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए

1. फॉरेंसिक विज्ञान में सहयोग: गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच पढ़ाई और शोध में सहयोग होगा।

2. पुलिस प्रशिक्षण: भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल के राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच समझौता हुआ।

3. प्रशासनिक अधिकारियों की ट्रेनिंग: भारत का नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल का एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज मिलकर नेपाली सरकारी अधिकारियों को ट्रेनिंग देंगे।

4. आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा: दोनों देश आयुर्वेद और इलाज के दूसरे पारंपरिक तरीकों में सहयोग करेंगे।

5. सैटेलाइट संचार: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट संचार नेटवर्क बनाने पर समझौता हुआ।

6. शहरी विकास: दोनों देश टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग करेंगे।

7. स्वास्थ्य और चिकित्सा: भारत और नेपाल स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे।

8. पशुपालन और मछली पालन: दोनों देश पशुपालन और मत्स्य पालन के विकास के लिए सहयोग करेंगे।

नेपाल को कांडला-पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच मिली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। इससे नेपाल का दूसरे देशों के साथ व्यापार आसान होगा। उन्होंने कहा कि भारत के साथ बेहतर व्यापार और निवेश से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।

भारत-नेपाल के बीच सड़क और सीमा संपर्क मजबूत होगा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सड़क और सीमा संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है। साथ ही बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई है।

मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश समेत भारत के कई राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

मोदी बोले- नेपाल के बिना हमारा धाम भी अधूरा है

मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सिर्फ पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं है, बल्कि दोनों का इतिहास, संस्कृति और परंपराएं भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच सदियों पुराने रिश्ते हैं।

उन्होंने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का संबंध भगवान राम और माता सीता से भी जुड़ा है। जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान राम की नगरी है।

दोनों जगहों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। इसी रिश्ते का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, “नेपाल के बिना हमारा धाम भी अधूरा है।” उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की यही खासियत दोनों देशों को करीब लाती है।

Exit mobile version