DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी को लिखा पत्र:5 राज्यों के चुनाव परिणामों पर जताया आभार, महिलाओं के रिकॉर्ड मतदान को बताया सकारात्मक संकेत

रायपुर, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी को संबोधित एक पत्र में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में एनडीए को मिले समर्थन पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देशवासियों का स्नेह और विश्वास राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है।

प्रधानमंत्री ने पत्र में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों के परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां एनडीए की सरकारें थीं, वहां जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान किया, जबकि अन्य राज्यों में भी बदलाव की इच्छा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत और पुडुचेरी में विकास के एजेंडे को मिले समर्थन का जिक्र किया। पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिले जनसमर्थन को प्रधानमंत्री ने राज्य में विकास की नई संभावनाओं का संकेत बताया। वहीं केरल और तमिलनाडु के संदर्भ में उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी जनहित और जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाता रहेगा।

नारीशक्ति की बढ़ती भागीदारी और जागरूकता का प्रतीक

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के रिकॉर्ड मतदान की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि, यह विकसित भारत के निर्माण में नारीशक्ति की बढ़ती भागीदारी और जागरूकता का प्रतीक है। लोकतंत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती है।

पत्र में प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को विकास और सुशासन के माध्यम से सार्थक बनाया जाएगा।

Exit mobile version