नई दिल्ली,एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बिहार के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर करारा हमला बोला और आगामी चुनावों को बिहार की समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत बताया। पीएम मोदी ने कहा कि “त्योहारों के उत्साह के बीच छठी मैया की पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी के साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। यह चुनाव बिहार की समृद्धि का एक नया अध्याय लिखने वाला है और इसमें बिहार के युवाओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहार के लोग जंगलराज वालों को माफ नहीं करेंगे, वे जंगलराज को भूलने वाले नहीं हैं।”
‘जो खुद को गठबंधन कहते हैं, उन्हें जनता कहती है लठबंधन’
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जो लोग खुद को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उन्हें लठबंधन कहती है। ये लोग सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं। लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की कोई चिंता नहीं है।” उन्होंने कहा कि “दशकों तक बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे, लेकिन इन लोगों ने जनता के हित के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे।”
‘बिहार की दो पीढ़ियों का भविष्य बर्बाद हुआ’
पीएम मोदी ने कहा कि “बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद और माओवादी आतंक ने बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी न तो स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बनने देते थे, न ही उद्योगों को पनपने देते थे। उन्होंने बने बनाए संस्थानों को बम से उड़ा दिया, जिससे विकास पूरी तरह रुक गया। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों का भविष्य बर्बाद कर दिया।”
NDA ने खत्म किया जंगलराज
प्रधानमंत्री ने कहा कि “2014 के बाद से हमने बहुत मेहनत की है। NDA सरकार ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। आज बिहार में हम नक्सलवाद और माओवादी आतंक को समाप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बिहार के नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित बनाना हमारा कर्तव्य है और हम इसके लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।”
‘बिहार ने पकड़ी विकास की रफ्तार, फिर से NDA सरकार’
पीएम मोदी ने कहा कि “आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। राज्य में हर क्षेत्र में काम हो रहा है कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं स्कूल, कहीं नए रेलवे रूट तैयार हो रहे हैं। इसका कारण है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास की रफ्तार तेज होती है। यही बिहार की NDA सरकार की शक्ति है। इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से NDA सरकार।”
