DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

PM बोले-जंगलराज में ज्यादा वेतन मतलब RJD को ज्यादा रंगदारी:तेजस्वी ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा लगाकर CM पद लिया

नवादा,एजेंसी। PM मोदी ने आज रविवार को भोजपुर और नवादा में जनसभा की। इस दौरान कांग्रेस और आरजेडी उनके निशाने पर रहे। प्रधानमंत्री ने जंगलराज दिलाया, साथ ही दावा किया कि कांग्रेस-राजद में रिश्ते खराब हो चुके हैं और चुनाव बाद एक-दूसरे का सिर फोड़ेंगे।

PM ने नवादा की सभा में कहा, ‘जंगलराज वाले-कांग्रेस वाले आपके हक का सारा पैसा लूट कर अपनी तिजोरी भरते हैं। ये मैं नहीं कह रहा, कांग्रेस के पीएम ने कहा था- अगर मैं 1 रुपए भेजता हूं, तो वो लाभार्थी के पास पहुंचते-पहुंचते 15 पैसा हो जाता है। ये कौन-सा पंजा था, जो पैसे खा जाता था।’

‘जंगलराज ने नवादा में नरसंहार का दाग लगाया था। हालत ये थी कि किसी कर्मचारी का वेतन बढ़ता था तो वो परेशान हो जाता था। क्योंकि ज्यादा वेतन का मतलब था ज्यादा रंगदारी देना।’

कांग्रेस-RJD की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द रहती है

बिहार की जनता का अंक गणित अच्छा है, उनका सामान्य ज्ञान भी अच्छा है। ये चारा घोटाले वाले सोचते हैं, लोगों को चरा देंगे। इनकी राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार, दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार।

अब दोनों परिवार में घमासान है। एक जंगलराज के युवराज हैं, उन्हें लगता है कांग्रेस युवराज की पदयात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है। कांग्रेस ने सीएम पद पर हामी तक नहीं भरी। उसके बाद राजद ने भी सबक सिखाने की ठानी। सब जानते हैं कैसे प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ ही राजद ने कैंडिडेट दे दिया।

नवादा की सभा से जुड़ी कुछ तस्वीरें….

नवादा में PM मोदी ने लोगों से मोबाइल की फ्लैश लाइट जलवाई। पूछा आपके हाथ में इतनी रोशनी है तो लालटेन की क्या जरूरत है।

PM मोदी ने कहा- नवादा की पहचान मगही पान है, मगध पुरातन भारत की शान है।

नवादा में मोदी की सभा में जुटी भीड़। लोगों के हाथों में PM के कटआउट थे, ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगे।

कनपट्टी में कट्टा सटाकर राजद ने सीएम पद लिया

इससे पहले PM ने आरा में सभा की। PM ने कहा, कि मैं आपको अंदर की बात बता रहा हूं। नामांकन वापस लेने से पहले बिहार में गुंडागर्दी का खेल खेला गया था। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि CM पद पर RJD के नेता का नाम हो। RJD ने भी मौका नहीं छोड़ा।

RJD ने कांग्रेस की कनपट्‌टी पर कट्‌टा रखकर CM पद चोरी कर लिया। सिर पर कट्टा रखकर कांग्रेस से CM पद की घोषणा करवाई गई। RJD-कांग्रेस में भयंकर झगड़ा बढ़ गया है।

चुनाव से पहले इतनी दुश्मनी बढ़ गई है कि चुनाव के बाद ये एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे। ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं।

कट्टा-क्रूरता इनकी पहचान है

PM मोदी ने कहा कि, ‘विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं।

इन लोगों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया। इन लोगों ने आपके साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है।

जहां कटुता बढ़ाने वाली RJD और कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां RJD और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता, ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।

बिहार में जंगलराज वापस नहीं आना चाहिए

बिहार में जंगलराज वापस नहीं आना चाहिए, इसलिए फिर एक बार NDA सरकार। एक तरफ हमारा घोषणा पत्र है दूसरी तरफ महागठबंधन वालों का घोषणा पत्र है। इनके मेनिफेस्टो में सब झूठ है। जनता जनार्दन को बुड़बक बूझे हो क्या। ये पब्लिक है सब जानती है।

विकसित बिहार, विकसित भारत का आधार है। जब मैं विकसित बिहार की बात करता हूं, तो इसका मतलब है बिहार का औद्योगिक विकास, बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार है। आरा के इस मंच से मैं कहता हूं कि आपका सपना ही हमारा संकल्प है।

इस बार बिहार की जनता NDA को रिकॉर्ड सीटें देने जा रही है, ये जंगलराज वाले इस बार सबसे करारी हार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं क्योंकि बिहार की पुरानी पीढ़ी और अब नई पीढ़ी ने ठान लिया है फिर एक बार NDA सरकार।

भीड़ देखकर मोदी बोले- आपने मेरे अंदर जोश भर दिया

PM ने भीड़ देखकर कहा कि, आपको देखकर साफ समझ आ रहा है। NDA सरकार आ रही है।

प्रधानमंत्री ने लोगों की भीड़ देखकर कहा, आपने तो मेरे अंदर जोश भर दिया।

PM बोले- बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा

PM ने कहा, बिहार देश की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले राज्यों में से एक है, इसलिए NDA बिहार में शिक्षा और कौशल पर बहुत जोर दे रहा है। हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा बिहार में ही काम करेगा, बिहार का नाम करेगा।

इसके लिए हमने आने वाले वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने की घोषणा की है और यह सिर्फ घोषणा नहीं है, यह कैसे होगा, इसकी योजना भी जनता के सामने रखी गई है।

आज दुनिया में मेक इन इंडिया को लेकर काफी उत्साह है। हमारा लक्ष्य बिहार को मेड इन इंडिया का केंद्र बनाना है। इसके लिए हम हजारों लघु और कुटीर उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत करेंगे।

PM मोदी की स्पीच की 5 बड़ी बातें

  • नरसंहार के दोषियों सम्मान दे रही कांग्रेस: अगर RJD बिहार में ‘जंगलराज’ और तुष्टिकरण की राजनीति लाई, तो कांग्रेस की पहचान सिखों के नरसंहार से जुड़ी है। यह 1 और 2 नवंबर 1984 की बात है। आज भी 2 नवंबर है। कांग्रेस के लोगों ने 1 और 2 नवंबर 1984 को दिल्ली और देश के कई अन्य हिस्सों में सिख नरसंहार को अंजाम दिया था। आज भी कांग्रेस अपनी पार्टी में सिख नरसंहार के दोषियों को पूरे सम्मान के साथ नए पद दे रही है। उन्हें बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस हो या राजद, उन्हें अपने पापों का कोई पछतावा नहीं है।
  • छठ का अपमान करने वालों को मत भूलिएगा: आपने देखा है कि आपका ये बेटा तो छठी मैया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और RJD के लोग छठी मैया का अपमान कर रहे हैं। क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं। क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मैया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी। मैं जानता हूं कि छठी मैया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति नहीं भूलेगा।
  • फिर एक बार NDA सरकार का नारा दिया: आपकी भीड़ देखकर साफ समझ आ रहा है कि इस बार बिहार में सुशासन की सरकार आ रही है। इस बार NDA की सरकार बनने जा रही है। कहिए फिर एक बार सुशासन सरकार फिर एक बार NDA सरकार।
  • भ्रष्टाचार पर RJD-कांग्रेस को घेरा: ऐसे लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। साथियों बिहार को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग चाहिए। उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का है वो बिहार का विकास कर सकता है क्या। जिन्होंने रेल को रेल को लूटा वो बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या। जिन्होंने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए वो कानून का राज ला सकते हैं क्या। बिहार ने कांग्रेस-RJD का कुशासन देखा है।
  • नरेंद्र-नीतीश, हम महिला सशक्तिकरण के लिए खड़े हैं: हमने घर दिया तो पेपर बहनों के नाम पर दिए। 1 करोड़ 20 लाख बहनों के खाते में 10-10 हजार रुपए भेजे गए। इन पैसों से बहनें अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं। मैं विश्वास दिलाता हूं। हम यहीं नहीं रुकेंगे बहनों को आगे बढ़ाने के लिए फिर पैसे दिए जाएंगे।

Exit mobile version