अहमदाबाद,एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में कहा, ‘आज हम आतंकवादी और उनके आकाओं को छोड़ते नहीं है। चाहे वे कहीं भी छिपे हों।
खोडलधाम ग्राउंड में जनसभा में उन्होंने कहा, ‘हमारे सैनिकों ने पाकिस्तान में तय किए लक्ष्य पर आतंकवादियों की नाभि में वार किया।’

पीएम ने कहा, ‘दुनिया ने देखा है कि हमने पहलगाम का बदला कैसे लिया। 22 मिनट में सब कुछ साफ कर दिया। गुजरात सुदर्शनधारी और चरखाधारी दो मोहन की धरती है। सुदर्शनधारी ने भारत को सेना के पराक्रम–इच्छाशक्ति का प्रतीक बनाया। चरखाधारी ने आत्मनिर्भर बनाया है।
पीएम 2 दिन के गुजरात दौरे पर
पीएम 25 और 26 अगस्त को गुजरात दौरे पर हैं। वे शाम 5 बजे अहमदाबाद पहुंचे और नरोडा से निकोल तक करीब 3 किमी लंबा रोड शो किया। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों को अभिवादन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्यपाल देवव्रत आचार्य समेत कई नेता मौजूद रहे। उन्होंने ₹5477 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत की। साबरमती से कटोसन रोड ट्रेन और कार लोडेड ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
पीएम के अहमदाबाद दौरे की तस्वीरें…
पीएम मोदी अहमदाबाद के नरोडा से निकोल तक 3km लंबा रोड शो कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने पहुंचे हैं।
अहमदाबाद में PM मोदी के स्वागत की थीम ‘गणपति’ और ‘स्वच्छता’ रखी गई है। 12 मंच भी तैयार किए गए हैं।
पीएम बोले- आत्मनिर्भर भारत को गुजरात से बहुत बड़ी गति मिली
पीएम मोदी ने संबोधन में कहा- हमारे गुजरात में बहुत से पशुपालक हैं। हमारे डेयरी सेक्टर को देखिए। जब मैं फिजी के प्रधानमंत्री से मिला, तो उन्होंने हमारे डेयरी सेक्टर को बड़े आदरपूर्वक कहा कि मेरे देश में भी ऐसा होना चाहिए। गुजरात के पशुपालकों में बहनों का बहुत बड़ा योगदान है। अहमदाबाद की धरती से, मैं अपने छोटे दुकानदारों, किसानों और पशुपालकों से कह रहा हूं कि मोदी के लिए आपका हित सर्वोपरि है। मोदी सरकार कभी किसी का अहित नहीं होने देगी। आत्मनिर्भर भारत को गुजरात से बहुत बड़ी गति मिली है। आत्मनिर्भर भारत को गुजरात से ऊर्जा मिल रही है, इसके पीछे दो दशकों की कड़ी मेहनत है।
PM बोले- कांग्रेस ने भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा
पीएम मोदी ने कहा- साबरमती आश्रम गवाह है कि उनके नाम पर सत्ता का सुख भोगने वाली पार्टी ने बापू की आत्मा को कुचला है। पिछले अनेक वर्षों से वो दिन-रात गांधी के नाम पर अपनी दुकान चलाते रहे। उनके मुंह से एक बार भी स्वच्छता या स्वदेशी शब्द नहीं निकला।
ये देश समझ नहीं सकता कि उनकी समझ को क्या हो गया है। 60-65 साल देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने भारत को दूसरे देशों पर निर्भर इसलिए रखा। क्योंकि वो सरकार में बैठकर आयात में भी खेल खेलती थी। लेकिन आज भारत ने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत के निर्माण का आधार बनाया है। हमारे किसानों, मछुआरों, पशुपालकों, उद्यमियों के बल पर भारत तेज विकास के पथ पर चल रहा है। आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
पीएम बोले- बारिश से प्रभावित परिवारों को मेरी संवेदनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस मानसून के मौसम में गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। जिस तरह से देश में एक के बाद एक बादल फटने की घटनाएं हो रही हैं, उससे मची तबाही देखकर खुद को संभालना मुश्किल हो जाता है। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
मोदी ने कहा- गुजरात दो मोहनों की धरती है
पीएम मोदी ने कहा- भारत के निर्णयों को देश नहीं, बल्कि दुनिया अनुभव कर रही है। गुजरात की ये धरती दो मोहनों की धरती है। एक हैं सुदर्शन चक्रधारी मोहन, यानी हमारे द्वारकाधीश श्री कृष्ण। दूसरे हैं चरखाधारी मोहन, यानी साबरमती के संत पूज्य बापू। सुदर्शन चक्र पाताल लोक में दुश्मनों को खोजकर उन्हें दंड देने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यही वो भावना है जो भारत के निर्णयों में देश नहीं, बल्कि दुनिया अनुभव कर रही है।
पीएम मोदी बोले- आज गुजरात में कई परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ
पीएम मोदी ने खोडलधाम ग्राउंड में जनसभा के दौरान कहा- कई बार सोचता हूं कि कैसा नसीब है कि मुझे लाखों लोगों का प्रेम और आशीर्वाद मिलता है। मैं आप सभी का जितना आभार मानूं,उतना कम है। इस समय गणेश उत्सव का माहौल है। आज गुजरात के विकास से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का भी श्रीगणेश हुआ है। ये मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे विकास के अनेक प्रोजेक्ट्स आप सभी के चरणों में आपको सौंपने का सौभाग्य मिला है। मैं इन विवास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं।
CM पटेल बोले- मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक नेता बनेगा
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा, इस देश को पीएम मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है कि उनके मार्गदर्शन में भारत वैश्विक नेता बनेगा। शहरी विकास के लिए उनका दृष्टिकोण वास्तव में दूरदर्शी रहा है, और उनकी पहल से पूरे राज्य में समग्र विकास हुआ है।
