DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पीएनडी प्रीमियर लीग… मैच फाइन में लीगल इलेवन ने क्रिशु को हराया

कोरबा/गेवरा-दीपका। प्रगति नगर स्थित श्रमवीर स्टेडियम में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट स्पर्धा पीएनडी प्रीमियर लीग सीजन-1का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल मैच में लीगल इलेवन बालको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया। क्रिशु वारियर्स टीम उपविजेता रही। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा।

फाइनल मुकाबले में लीगल इलेवन बालको के खिलाड़ी चीकू ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार संदीप धरिया को दिया गया, जिन्होंने लगातार 4 छक्के लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार राम को प्रदान किया गया। क्रिशु वारियर्स के शेखर को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर चुना गया।

प्रतियोगिता के दौरान स्ट्राइकिंग ईगल्स के खिलाड़ियों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मैच में अंपायर बिट्टू रंगीला ने अपनी अलग शैली में अंपायरिंग करते हुए डांस कर माहौल को मनोरंजक बनाया, जिससे दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरे मैदान में उत्साह बना रहा।

फाइनल मैच के समापन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के अवसर पर एसीबी इंडिया लिमिटेड एग्जीक्यूटिव ऑफिसर विपिन मलिक, पार्षद अरुणीश तिवारी और सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। प्रगति नगर दीपका में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जिले भर की 26 टीमों ने भाग लिया था।

Exit mobile version