कोरबा। कोरबा जिले के 200 मेगावाट पावर प्लांट की वर्कशॉप में विश्वकर्मा पूजा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों को अंदर एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप फन फैलाकर फुंकार मार रहा था।
उसे देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूजा कार्यक्रम भी रोकना पड़ा।

कर्मचारी की नजर पड़ी, मौके पर जुटी भीड़
वर्कशॉप में विश्वकर्मा पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर फन फैलाए बैठे कोबरा पर पड़ी। जानकारी मिलते ही आसपास के कर्मचारी मौके पर जुट गए। सांप के करीब लोग न जाएं, इसके लिए क्षेत्र को खाली कराया गया। इसके बाद तत्काल वन विभाग और RCRS की टीम को सूचना दी गई।
अविनाश यादव और टीम ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और इसके बाद सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद अविनाश यादव और मानस ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
जंगल में छोड़ने के लिए वन विभाग को सौंपा
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद कोबरा को वन विभाग को सौंप दिया गया, ताकि उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। सांप के बाहर निकलने के बाद वर्कशॉप के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और विश्वकर्मा पूजा का कार्यक्रम दोबारा शुरू किया।
सांप दिखे तो न पकड़ें, न मारें
वन विभाग और RCRS टीम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह का सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
टीम ने लोगों से कहा कि सांप दिखने की स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम से संपर्क करें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा बनी रहे।
