DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पुलिस ने स्कूल में साइबर फ्रॉड व यातायात नियमों की जानकारी दी

बाराद्वार। ग्राम नगरदा के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्हें साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों और नशा मुक्ति से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में नगरदा थाना प्रभारी निरीक्षक विंटन साहू ने बच्चों को सजग नागरिक बनने की सीख दी।

उन्होंने बताया कि समाज में जागरूकता की श्रृंखला मजबूत करना जरूरी है। निरीक्षक साहू ने साइबर फ्रॉड से बचने के 11 जरूरी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी न दें। अजनबियों से फोटो शेयर न करें। दोस्ती से बचें। फ्री गिफ्ट जैसे लालच वाले कॉल्स से सावधान रहें। एप या गेम केवल अधिकृत एप स्टोर से डाउनलोड करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। टेलीग्राम और शेयर ट्रेडिंग से जुड़े फ्रॉड से सतर्क रहें। सोशल मीडिया का सावधानी से उपयोग करें। अकाउंट को प्राइवेट रखें। निजी जानकारी और फोटो किसी अजनबी को न भेजें। सोशल मीडिया जैसे प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती न करें। डिजिटल अरेस्ट और वीडियो कॉल फ्रॉड से भी सतर्क रहने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने यातायात नियमों की जानकारी दी। नशे के दुष्परिणाम बताए। बच्चों को समझाया कि नशा केवल बुरी आदत नहीं, अपराध की जड़ भी बन सकता है।

एसपी अंकिता शर्मा का संदेश जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि आज के बच्चे ही कल का जिला बनाएंगे। यदि एक बच्चा जागरूक होगा तो वह अपने परिवार, पड़ोस और गांव को भी जागरूक करेगा। आज के समय में टेक्नोलॉजी की जानकारी बच्चों के पास अधिक है, ऐसे में यदि वे सतर्क रहेंगे तो फ्रॉड को पहचानकर दूसरों को भी बचा सकेंगे।

Exit mobile version