DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पुलिस-नक्सली मुठभेड़:एक माओवादी के मारे जाने की खबर, कोबरा बटालियन का जवान घायल; एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा

गरियाबंद,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। एनकाउंटर में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है, जबकि कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया।

मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ अभी भी जारी है। हालांकि, नक्सली के मारे जाने की खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घायल जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हेलीकॉप्टर से राजधानी रायपुर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित इस क्षेत्र में सुबह से ही दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन जारी था। जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मैनपुर पहुंच गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में और भी नक्सली छिपे हो सकते हैं।

Exit mobile version