DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

तीन आरक्षक घायल, एक लापता आरक्षक पांच घंटे बाद बेसुध हालत में मिला
चार आरोपी गिरफ्तार
एसपी सिद्धार्थ तिवारी घटना स्थल पहुंचे, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात


कोरबा/बांगो। कोरबा जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर बांगो थाना अंतर्गत ग्राम बगबुड़ा में आज चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया और बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पुलिस कर्मियों को पीटा, जिससे तीन आरक्षक घायल हो गए। खुद को बचाने एक आरक्षक जंगल की ओर भागा, लापता होने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया और बांगो थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को दी। पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वयं घटना स्थल पहुंचे और उनके निर्देश पर लापता आरक्षक की खोजबीन प्रारंभ हुई और 5 घंटे बाद लापता आरक्षक नदी किनारे बेसुध हालत में मिला, जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दो अन्य घायल आरक्षकों की हालत सामान्य है।

तीन आरक्षक घायल, एक लापता आरक्षक पांच घंटे बाद बेसुध हालत में मिला


घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि बगबुड़ा में चोरी की जांच करने बांगो थाना के तीन आरक्षक अभिषेक पाण्डेय, गजेंद्र बिघावार एवं अनिल पोर्ते गए हुए थे, जिन पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। जिससे तीनों आरक्षक घायल हो गए। एसपी ने बताया कि अनिल पोर्ते खुद को बचाने के लिए जंगल की ओर भागा था, जिसके लापता होने की जानकारी आई। हमारी टीम लापता आरक्षक को खोजने में सफल हुए और 5 घंटे बाद नाला के किनारे बेसुध हालत में बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया स्थिति नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम के हमले में आरोपियों की पहचान की जा रही है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Exit mobile version