DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नगरीय निकाय चुनाव हेतु राजनैतिक दलों को प्रशिक्षण दिया गया


कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को नगरीय निकाय आम निर्वाचन के लिए उपयोग होने वाली ईवीएम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की जानकारी देने हेतु विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ मास्टर ट्रेनर एम. एम. जोशी ने बताया कि कोरबा के 67 वार्डों में 297 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। 292 मतदान केंद्र पर 2 बैलेट यूनिट और 1 सेंट्रल यूनिट का उपयोग किया जाएगा। महापौर पद के लिए सफेद रंग की पर्ची, जबकि पार्षद पद के लिए गुलाबी रंग की पर्ची बैलेट यूनिट पर लगी होगी। मतदाता दो मत – महापौर और पार्षद डाल सकेंगे। वार्ड क्रमांक 18 में पार्षद के निर्विरोध विजयी होने पर वहां के 5 मतदान केंद्रों पर एक बैलेट यूनिट और एक कंट्रोल यूनिट मशीन से महापौर के लिए मतदान कराया जायेगा।

11फरवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया जाएगा। मतदान के लिए शासन द्वारा अधिकृत 17 दस्तावेजों में से किसी एक की हार्ड कॉपी मतदान केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अपील की गई कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदान के दिन केंद्र पर पहुंचे। मास्टर ट्रेनर श्री जोशी ने बैलेट यूनिट और सेंट्रल यूनिट का डेमो प्रस्तुत कर निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार बंजारे, जिला उप निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋचा सिंह, तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Exit mobile version