DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

​कोयला मजदूर पंचायत (HMS) की 18 सूत्रीय मांगों पर गेवरा प्रबंधन के साथ सकारात्मक वार्ता संपन्न, एक दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन अगली बैठक तक स्थगित

​कोरबा/गेवरा। ​कोयला मजदूर पंचायत (HMS) गेवरा प्रोजेक्ट के सचिव एस. सी. मंसूरी द्वारा गेवरा प्रबंधन को प्रेषित 18 सूत्रीय मांग पत्र एवं 1 दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन की चेतावनी पर प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए दिनांक 28 नवंबर 2026 को एक उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता का आयोजन किया ।

​बैठक की शुरुआत में गेवरा परियोजना के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए परिचय प्राप्त किया और प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीकांत मल्लिकपका को मांग पत्र के बिंदुओं पर चर्चा शुरू करने का निर्देश दिया एक-एक कर सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें प्रमुख मुद्दों पर प्रबंधन द्वारा निम्नलिखित ठोस आश्वासन एवं निर्देश जारी किए गए l

  1. ​रेस्ट शेल्टर की सुविधा
  2. 240 टन डंपर पार्किंग स्थल पर कर्मचारियों के लिए तत्काल रेस्ट शेल्टर बनाने तथा उसमें पंखा कूलर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया ।
  3. ​धूल (डस्ट) नियंत्रण
  4. दीपका कॉलोनी व ऊर्जानगर क्षेत्र में उड़ रही धूल की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए ।
  5. ​ओवरटाइम का पूर्ण भुगतान
  6. महाप्रबंधक ने स्पष्ट आश्वस्त किया कि परियोजना के अंदर कराए गए कार्य के ओवरटाइम (OT) में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी और कर्मचारियों को पूरा भुगतान किया जाएगा ।
  7. ​ठेका कर्मियों का बोनस
  8. जिन प्राइवेट (ठेका) कर्मचारियों को अब तक बोनस का भुगतान नहीं हुआ है उन्हें शीघ्र ही बोनस दिलाने की बात कही गई ।
  9. पैदल मार्ग का सुधार व सफाई
  10. श्रमिक चौक (गेवरा परियोजना) से सुरक्षा चौक तक बने पैदल रास्ते की मरम्मत एवं प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारी को आदेशित किया गया ।
  11. ​ठेका कर्मियों के शोषण पर रोक व निशुल्क BTC ट्रेनिंग
  12. प्राइवेट कर्मचारियों के अधूरे वेतन भुगतान और बीटीसी (BTC) ट्रेनिंग के नाम पर प्रति कर्मचारी 2,000 से 3,000 रुपये की अवैध वसूली व ट्रेनिंग के दिन ड्यूटी कराए जाने के मामले पर महाप्रबंधक ने कड़ा रुख अपनाया उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि बीटीसी ट्रेनिंग पूर्णतः निशुल्क है किसी भी कर्मी को पैसा देने की आवश्यकता नहीं है और ट्रेनिंग के दिन ठेकेदार द्वारा कर्मियों से ड्यूटी नहीं कराई जाएगी ।

​आंदोलन स्थगित करने का निर्णय

शेष बचे अन्य मुद्दों पर चर्चा हेतु दिसंबर के प्रथम सप्ताह में पुनः बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी प्रबंधन के आग्रह एवं मुख्य मांगों पर मिले सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए संगठन द्वारा 1 दिसंबर से होने वाले आंदोलन को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया है ।

​इस अवसर पर सचिव एस. सी. मंसूरी ने कहा कि कोयला मजदूर पंचायत (HMS) श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर संघर्षरत है और मजदूरों की सुरक्षा सम्मान तथा वेलफेयर से जुड़े हर मुद्दे को हल कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा ।

​बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित

​प्रबंधन पक्ष:- कुमार गौरव (महाप्रबंधक गेवरा परियोजना) उमेश कुमार (खान प्रबंधक) मुकेश अग्रवाल (विद्युत एवं यांत्रिक प्रभारी) विजय अग्रवाल (सिविल विभाग प्रभारी) एवं श्रीकांत मल्लिकपका (प्रबंधक मानव संसाधन) ​

संगठन पक्ष:- एस. डी. मानिकपुरी (महामंत्री गेवरा क्षेत्र) एस. सी. मंसूरी (सचिव गेवरा प्रोजेक्ट) एस. पी. तांती (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष) शकील अहमद मकसूद सुशील श्रीवास वी. सी. ग्रीन मनोज शर्मा मार्तंड सिंह रविंद्र सिंह सोनू राम मनीष कुमार विनोद कुमार पटेल दिनेश यादव अजहर अली निहाल कुमार धीरज कुमार एवं कृष्णा एक्का ।

Exit mobile version