DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जापान में शक्तिशाली तूफान ‘बावी’ ने मचाई भारी तबाही, अब ताइवान और चीन पर मंडराया खतरा

टोक्यो, एजेंसी। पूर्वी एशिया में शक्तिशाली तूफान बावी (Typhoon Bavi) ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार को इस तूफान ने जापान के दक्षिणी साकिशिमा द्वीप समूह और ओकिनावा प्रांत को अपनी चपेट में लिया। अब यह तेजी से ताइवान की ओर बढ़ रहा है, जबकि इसके बाद चीन के झेजियांग प्रांत के वेनझोउ के पास लैंडफॉल करने की संभावना जताई गई है।पूर्वी चीन की ओर बढ़ रहे बावी को देखते हुए चीनी सरकार ने बड़े पैमाने पर एहतियाती कदम उठाए हैं। अधिकारियों ने रविवार तड़के संभावित लैंडफॉल से पहले 18 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

उड़ानें ठप, हजारों घरों की बिजली गुल
तूफान के कारण जापान में 345 उड़ानें रद्द कर दी गईं और इशिगाकी द्वीप से सभी फेरी सेवाएं भी रोक दी गईं। ओकिनावा में 24,000 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। तूफान के केंद्र के पास 144 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंकों की गति 198 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई।

ताइवान में हाई अलर्ट
ताइवान में लगभग सभी शहरों और काउंटी में टाइफून हॉलिडे घोषित कर स्कूल, सरकारी कार्यालय और अधिकांश सार्वजनिक गतिविधियां बंद कर दी गईं। 920 अंतरराष्ट्रीय और सभी 280 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने करीब 29,000 सैनिकों को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रखा है।

1987 के बाद सबसे बड़ा तूफान
ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन के अनुसार, आकार के लिहाज से 1987 के बाद यह सबसे बड़ा तूफान हो सकता है। इसका फैलाव करीब 1,000 किलोमीटर तक है, जिससे व्यापक इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।

चीन में भी खतरे की घंटी
मौसम विभाग के अनुसार, बावी रविवार को चीन के वेनझोउ के पास लैंडफॉल कर सकता है। चीनी अधिकारियों ने बाढ़, भूस्खलन और तेज हवाओं की चेतावनी जारी करते हुए आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

फिलीपींस में 15 लोगों की मौत
तूफान से जुड़ी भारी बारिश के कारण फिलीपींस में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिनमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग अब भी लापता हैं और राहत-बचाव अभियान जारी है। तूफान के चलते थाई एयरवेज और मलेशिया एयरलाइंस ने ताइपे के लिए अपनी कई उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

Exit mobile version