मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा- पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को मिले बढ़ावा
पाली/कोरबा। विश्व के प्रथम चिकित्सक भगवान धनवंतरी जयंती पर प्रज्ञा संजवनी वन औषधालय नया बस स्टैण्ड पाली द्वारा विशाल चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, संचालक वैद्यराज रामफल पटेल, उपस्थित चिकित्सक डॉ. लक्की एवं डॉ. हरधर सहित अतिथियों ने भगवान धनवंतरी की पूजा अर्चना की।

मुख्य अतिथि प्रेमचंद पटेल ने शिविर का शुभारंभ किया और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजक रामफल पटेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वैद्यराज रामफल पटेल ने पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को काफी आगे बढ़ाया और वैद्यराज रामफल की कीर्ति दूर-दूर तक फैल रही है। उन्होंने बताया कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से कैंसर जैसे रोगों में भी लाभ मिलता है। वाकई में श्री पटेल के हाथों में ऐसा जस है, जिससे अब तक हजारों मरीज कठिन बीमारियों से मुक्त होकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाने की जरूरत है। रामफल वैद्य होने के साथ-साथ गायत्री परिवार से जुड़कर क्षेत्र में नशामुक्ति का अभियान चलाकर क्षेत्र में जागरूकता फैला रहे हैं। इसके अलावा वे नवाचार के माध्यम से 500 किसानों को जोड़कर हर्बल धान का उपार्जन कर रहे हैं, ताकि रासायनिक खेती का दुष्प्रभाव कम हो सके। रामफल पटेल ने उपस्थित अतिथियों सहित सेवा देने वाले डाक्टर लक्की, डा. हलधर और उपस्थित ग्रामीणों का आभार जताया। दवाई का भी वितरण किया गया।
