साइकिल से दुर्गम पगडंडियों का सफर तय कर संवारे विद्यार्थियों के भविष्य, नंदेली स्कूल का परीक्षा परिणाम 30 से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक पहुंचाया
रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए नंदेली के सेवानिवृत्त प्राचार्य अमृतलाल सिदार को प्रेस रिपोर्टर क्लब की ओर से छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता एवं रायगढ़ जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया ने प्रदान किया।
अमृतलाल सिदार का शिक्षकीय जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल रहा है। उन्होंने कठिन ग्रामीण परिस्थितियों में साइकिल से पगडंडियों का सफर तय कर बच्चों को शिक्षा दी। नंदेली विद्यालय में पदस्थापना के दौरान उन्होंने शैक्षणिक परिणाम लगभग 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक पहुंचाया। उनके पढ़ाए विद्यार्थी आज आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर सहित प्रतिष्ठित पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। रायगढ़ एसपी आईपीएस भोजराम पटेल भी उनके विद्यार्थियों में शामिल हैं।
इस अवसर पर श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज के ऐसे गुमनाम नायकों को पहचान और सम्मान दिलाना ही प्रेस रिपोर्टर क्लब का उद्देश्य है। क्लब भविष्य में ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रयास करेगा।
अमृतलाल सिदार की बेटी एवं शिक्षिका सुमिता सिदार उर्फ संजू सिदार ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और समर्पण के संस्कार उनसे सीखे हैं। उनका सपना भी अपने पिता की तरह शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमाकर विद्यार्थियों का भविष्य संवारना है।
वहीं परमजीत सिंह भाटिया ने कहा कि अमृतलाल सिदार जैसे समर्पित शिक्षक का सम्मान होना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
यह सम्मान केवल एक शिक्षक का सम्मान नहीं, बल्कि उस गुरु परंपरा का अभिनंदन है, जो स्वयं संघर्ष करके दूसरों के जीवन में सफलता की राह रोशन करती है।

