DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्राचार्य-व्याख्याता भिड़े, छात्रों के सामने धक्का-मुक्की:स्कूल में फिजिक्स रजिस्टर और सामग्री को लेकर हुआ विवाद, जिला प्रशासन ने की जांच, बयान दर्ज

कोरबा। कोरबा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में नए शिक्षा सत्र के पहले दिन प्राचार्य मनोज सराफ और फिजिक्स व्याख्याता प्रखर पांडेय के बीच विवाद हो गया। यह घटना छात्रों के सामने हुई, जहां दोनों के बीच धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।

जानकारी के अनुसार, स्कूल में प्रयोग होने वाली सामग्री और फिजिक्स रजिस्टर के रखरखाव को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि रजिस्टर में हुई कथित अनियमितताओं को सही दिखाने के लिए व्याख्याता पर दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ता गया।

गर्मी की छुट्टियों के बाद जब नया सत्र शुरू हुआ, तो पहले दिन ही यह पुराना विवाद फिर से सामने आ गया और मामला और बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विद्यालय परिसर में पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। स्थिति को बिगड़ता देख अन्य शिक्षकों को बीच-बचाव करना पड़ा। कक्षाओं में मौजूद छात्र इस घटना को देखकर हैरान रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। पाली के SDM के निर्देश पर नायब तहसीलदार तत्काल स्कूल पहुंचे और संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।

एक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। इस जांच में फर्जी संधारण और खरीदी से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। शिक्षा विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version