DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्राचार्य रामेश्वर जायसवाल ने शरीर दान की घोषणा की:कहा-जरूरतमंदों को मिले आंख-किडनी और लीवर, बगलामुखी मंदिर में हेमलता शर्मा कर रहीं कथावाचन

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के सीपत स्थित वनांचल ग्राम सोंठी के बगलामुखी मां मन्नादाई मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सार्वजनिक देवी भागवत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रीय कथावाचिका हेमलता शर्मा संगीतमयी आवाज में देवी महिमा की कथा सुना रही हैं।

इसी मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष और जेवरा हाई स्कूल के प्राचार्य रामेश्वर जायसवाल ने अपने जन्मदिन 23 मार्च को मौत के बाद सिम्स बिलासपुर को शरीर दान करने की घोषणा की है।

जरूरतमंदों को आंख, किडनी, लीवर मिले

प्राचार्य जायसवाल अपनी पत्नी उषा जायसवाल के साथ देवी भागवत के मुख्य यजमान हैं। उन्होंने अपने परिवारजनों के सामने शरीर दान संकल्प फॉर्म भरा। उन्होंने बताया कि यह कार्य लोगों में जन जागरूकता फैलाने का प्रयास है, ताकि मौत के बाद जरूरतमंदों को आंख, किडनी, लीवर जैसे अंगों का दान किया जा सके।

मंदिर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं। सोंठी के इस माता रानी मंदिर का निर्माण ग्रामवासियों की एकजुटता और सामूहिक श्रमदान से हुआ है। ग्रामीणों को एकता के सूत्र में पिरोकर चंदा और श्रमदान के द्वारा विशाल मंदिर, ज्योति कक्ष और मंच का निर्माण पूर्ण कराने में रामेश्वर जायसवाल की प्रेरणा अहम रही है।

Exit mobile version