DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन:ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने दिया धरना, जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया

कोरबा। कोरबा जिले में सड़कों की दुर्दशा को लेकर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत हुआ।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर और अलग-अलग संगठनों ने पहले भी कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की थी। प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने के कारण कोरबा के नागरिकों का आक्रोश आज फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा और अन्य नागरिक इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना, छत्तीसगढ़ जोहर पार्टी, आम आदमी पार्टी, जिला एडवोकेट संघ, जिला ऑटो संघ, सिटी मिनी बस यूनियन, भू-विस्थापित कामगार संगठन, किसान संगठन और कुसमुंडा व्यापारी संघ सहित नगर निगम कोरबा के कई पार्षदों और कई समाजों के प्रमुखों ने समर्थन दिया। सभी वक्ताओं ने सड़कों की खराब स्थिति के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरबा के अधिकारी जनप्रतिनिधियों की आवाज नहीं सुन रहे हैं और शासन के करोड़ों रुपए व्यर्थ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन को जगाने का एक शांतिपूर्ण प्रयास बताया। ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो दिवाली के बाद आम नागरिकों के साथ मिलकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

Exit mobile version