कोरबा। कोरबा के नगर पालिका दीपका के वार्ड क्रमांक 11 से शराब भट्टी हटाने की मांग अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। शनिवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी गार्डन में वार्डवासियों, व्यवसायियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के लोगों ने एकजुट होकर शक्ति प्रदर्शन किया।

इस दौरान शराब दुकान के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई और इसे तत्काल हटाने का संकल्प दोहराया गया। लोगों ने बताया कि वार्ड के बीचों-बीच पाली रोड पर संचालित शराब भट्टी से पूरे इलाके का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है।
शराबियों के जमावड़े के कारण महिलाओं, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल और मंदिर के इतने नजदीक शराब दुकान होने से धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ी नाराजगी
वार्डवासियों ने जानकारी दी कि शराब भट्टी हटाने के लिए पहले भी अभियान चलाया जा चुका है और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई थी। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी कारण एक बार फिर जनसमर्थन जुटाकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया है।
कार्यक्रम में नगर पालिका पार्षद अविनाश सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व पार्षद मनी सिंह बाबा, भाजपा नेता अभिषेक सिंह, कोल व्यवसायी आकाश सिंह, अवधेश मेहता, पंकज शर्मा, कौशल सिंह, उमाशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता अभिषेक सिंह ने बताया कि पाली रोड स्थित शराब दुकान से नपा दीपका के 4 वार्ड के रहवासी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने स्कूल और मंदिर के नजदीक होने से बच्चों पर पड़ने वाले बुरे असर पर चिंता जताई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप सिंह ने प्रशासन से इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर ठोस कार्रवाई की मांग की। पार्षद अविनाश सिंह ने कहा कि वे वार्डवासियों के मुद्दे को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि 500 से अधिक स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर वाला एक ज्ञापन तैयार किया गया है, जिसे जल्द ही कोरबा कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
