DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

3 लाख पुस्तिकाओं का प्रकाशन, 12 जनवरी तक चलेगा अभियान

कोरबा/गेवरा-दीपका। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस एवं हिंदू संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में कोरबा के अलावा ग्रामीण अंचलों में राम नाम लेखन महायज्ञ को व्यापक प्रतिसाद मिल रहा है। इस आरएसएस के स्वयं सेवक लल्लू सिंह ने बताया कि यह महायज्ञ 18 दिसंबर से प्रारंभ होकर 12 जनवरी विवेकानंद जयंती एवं युवा दिवस तक चलेगा।

घर घर तक पहुंची राम लेखन पुस्तिका को लिखने बड़ी संख्या में लोगों ने रुचि दिखाई है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं की सहभागिता जायदा दिख रही है। अभियान का उद्देश्य राम नाम लेखन के माध्यम से समाज में राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। लल्लू सिंह ने बताया कि कोरबा जिले में तीन लाख राम नाम लेखन पुस्तिका का प्रकाशन किया गया। यह पुस्तिका 18 से 24 दिसंबर के बीच लेखन कार्य कर वापिस करना होगा। जिले भर में राम नाम लेखन के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।

इसके पश्चात 25 दिसंबर को बस्तियों और ग्रामों में राम नाम की पुस्तिकाओं का एकत्रीकरण होगा, जिसमें यज्ञ, पूजन, प्रवचन तथा राम खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जाएगा। 26 दिसंबर को मंडल स्तर पर सभी ग्रामों से राम नाम पुस्तिका आ जाएगी, वहीं 26 और 27 दिसंबर को मंडलों में विविध धार्मिक आयोजन संपन्न किए जाएंगे। दीपका समेत पूरे कोरबा जिले में इसमें हिंदू संगठन से जुड़े लोगों की शत प्रतिशत सहभागिता है। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर को इस अभियान का प्रमुख दिन होगा।

Exit mobile version