DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पीएम जनमन योजना से मिला पक्का मकान, दुजराम के जीवन में आई सुरक्षा और नई उम्मीद

पहाड़ी कोरवा जनजाति के दिव्यांग हितग्राही को मिला सुरक्षित आशियाना
कोरबा 12 अक्टूबर 2026। जिले के विकासखंड कोरबा के ग्राम पंचायत अमलडीहा निवासी दुजराम, पिता समारू, पहाड़ी कोरवा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह से आते हैं। मूक दिव्यांगता के साथ जीवन की रोजमर्रा की चुनौतियों का सामना कर रहे दुजराम के लिए जर्जर कच्चे मकान में रहना कठिन था।

उनके पुराने मिट्टी के मकान की छत पर तिरपाल लगी थी। बारिश के दिनों में पानी टपकता, जिससे घर का सामान भीगने और खराब होने की आशंका बनी रहती थी। तेज हवा और खराब मौसम में मकान की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती थी। ऐसे में परिवार के लिए एक सुरक्षित और पक्के घर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में पीएम जनमन योजना के तहत दिव्यांग श्रेणी में दुजराम का आवास स्वीकृत हुआ। स्वीकृति के बाद किस्तें मिलने पर पक्के मकान का निर्माण पूरा कराया गया। अब दुजराम अपने नए, मजबूत और सुरक्षित घर में रह रहे हैं।

यह आवास उनके लिए केवल एक पक्का ढांचा नहीं, बल्कि बारिश और मौसम की चिंता से राहत तथा सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत है। पक्का घर मिलने से दुजराम और उनके परिवार को सम्मानजनक आशियाना मिला है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास दुजराम के जीवन में आए इस बदलाव में दिखाई देता है।

Exit mobile version