कोरबा। कोरबा में एक ओर घर में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर अचानक आंगन में करीब 8 फीट लंबा अजगर पहुंच गया।
विशाल अजगर को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और घर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को दी गई।
तेज बारिश के बीच शुरू किया रेस्क्यू
घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। लगातार बारिश और फिसलन को देखते हुए उन्होंने रेनकोट और गमबूट पहनकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अजगर काफी बड़ा था और रेस्क्यू के दौरान खुद को बचाने के प्रयास में हमलावर रुख अपना रहा था। उसने कई बार हमला करने की कोशिश की।
ऐसी स्थिति में धैर्य और सावधानी बरतते हुए जितेंद्र सारथी ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
छाता लेकर देखते रहे परिवार के सदस्य
रेस्क्यू के दौरान घर के सदस्य छाता लेकर खड़े रहे और पूरी कार्रवाई देखते रहे। परिवार को आशंका थी कि यदि समय रहते अजगर को नहीं पकड़ा गया तो वह घर के अंदर भी प्रवेश कर सकता है। इससे किसी अप्रिय घटना का खतरा बना हुआ था। अजगर को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

वन्यजीव दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें
जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित व सूखे स्थान की तलाश में घरों, आंगन, जूते-चप्पलों और वाहनों में पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं और न ही वन्यजीव को मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
