DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

Amazon की Recommended USB ड्राइव्स पर सवाल, फर्जी स्टोरेज क्षमता की शिकायतों से उपभोक्ता चिंतित

नई दिल्ली, एजेंसी। एमेज़ॉन के अमरीका और जापान प्लेटफॉर्म पर ‘रिकमैंडेड’ के रूप में दिखाई जा रही कुछ यूएसबी ड्राइव्स की वास्तविक स्टोरेज क्षमता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। निक्केई एशिया की एक जांच में दावा किया गया है कि इन उत्पादों में से कई के खिलाफ उपभोक्ताओं ने फर्जी या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई स्टोरेज क्षमता की शिकायतें दर्ज कराई हैं। रिपोर्ट ने ऑनलाइन खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं के भरोसे और उत्पादों की गुणवत्ता पर नई बहस छेड़ दी है।

निक्केई एशिया ने एमेज़ॉन के अमरीकी और जापानी प्लेटफॉर्म पर ‘रिकमैंडेड’ के तौर पर दिखाई देने वाली 200 यूएसबी ड्राइव लिस्टिंग की समीक्षा की। जांच में पाया गया कि अमरीका की करीब 40 प्रतिशत लिस्टिंग और जापान की लगभग 10 प्रतिशत लिस्टिंग पर कई उपभोक्ताओं ने स्टोरेज क्षमता वास्तविक से कम होने की शिकायत की थी। कुल मिलाकर लगभग हर 5वीं लिस्टिंग पर इस प्रकार की आपत्तियां दर्ज मिलीं।

परीक्षण में दावे से कम निकली स्टोरेज

रिपोर्ट के अनुसार निक्केई ने चीन के विभिन्न ब्रांडों की 5 कम कीमत वाली यूएसबी ड्राइव्स खरीदकर उनकी क्षमता का परीक्षण किया। परीक्षण में सभी ड्राइव्स की उपयोग योग्य स्टोरेज विज्ञापित क्षमता से कम पाई गई। इससे संकेत मिलता है कि समस्या केवल किसी एक विक्रेता या ब्रांड तक सीमित नहीं हो सकती, बल्कि कम कीमत वाले कुछ उत्पादों में यह व्यापक रूप से मौजूद हो सकती है।

डाटा सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा

तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार फर्जी क्षमता वाली फ्लैश ड्राइव्स में कंट्रोलर सॉफ्टवेयर के जरिए स्टोरेज क्षमता वास्तविक से अधिक दिखाई जाती है। शुरुरूआत में फाइलें सामान्य रूप से कॉपी होती हैं, लेकिन वास्तविक मेमोरी भर जाने के बाद नई फाइलें पुरानी फाइलों को ओवरराइट कर सकती हैं या डाटा बिना किसी चेतावनी के खराब हो सकता है। ऐसे में फोटो, वीडियो, कार्यालयी दस्तावेज या बैकअप सुरक्षित रखने वाले उपयोगकर्त्ताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एमेज़ॉन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

एमेज़ॉन ने निक्केई एशिया को बताया कि वह रिपोर्ट में उठाए गए दावों की समीक्षा कर रहा है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां उचित कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि उपभोक्ताओं को केवल कम कीमत या ‘रिकमैंडेड’ टैग पर भरोसा करने के बजाय विश्वसनीय ब्रांडों का चयन करना चाहिए, ग्राहक समीक्षाओं को ध्यान से पढ़ना चाहिए और महत्वपूर्ण डेटा का हमेशा अलग माध्यम पर बैकअप रखना चाहिए।

Exit mobile version