DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राहुल बोले- गुजरात मॉडल वोट चोरी का मॉडल:सबूत नहीं थे, इसलिए चुप रहे, स्टालिन ने कहा- वोटर्स को लिस्ट से हटाना आतंकवाद से खतरनाक

दरभंगा/ मुजफ्फरपुर,एजेंसी। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का आज 11वां दिन है। यात्रा मुजफ्फरपुर पहुंची है। यहां जारंग हाई स्कूल मैदान में राहुल ने सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा, ‘इन लोगों ने महाराष्ट्र और गुजरात का चुनाव चोरी किया। 2014 से पहले ये गुजरात में शुरू हुआ। गुजरात मॉडल आर्थिक मॉडल नहीं है।’

‘गुजरात मॉडल वोट चोरी करने का मॉडल है। जिसे ये लोग 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर लाए। हम कुछ कहते नहीं थे, क्योंकि हमारे पास कोई सबूत नहीं थे, लेकिन महाराष्ट्र में हमें सबूत मिल गया।

इससे पहले तमिलनाडु के CM स्टालिन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा- ‘वोटर्स को लिस्ट से हटाना आतंकवाद से खतरनाक है। बीजेपी ने चुनाव आयोग को कठपुतली बना लिया है। राहुल गांधी जी के शब्दों और आंखों में कभी डर नहीं होता।’

राहुल गांधी ने दरभंगा से सुबह साढ़े 8 बजे अपनी यात्रा शुरू की थी। इस दौरान वे प्रियंका गांधी के साथ बुलेट से भी चले।

प्रियंका गांधी मां जानकी का दर्शन करने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम नहीं जाएंगी। वह दिल्ली लौट गई हैं।

मुजफ्फरपुर के बाद यात्रा रात में सीतामढ़ी पहुंचेगी। वोटर अधिकार यात्रा शाम को मुजफ्फरपुर के गायघाट पहुंचेगी। यहां की 4 सीटों से होकर गायघाट, बोचहां, मीनापुर, औराई से यात्रा गुजरेगी।

इसके अलावा नगर विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा भी इस यात्रा से प्रभावित होगा। नगर सीट कांग्रेस के कब्जे में है। यहां से विजेंद्र चौधरी विधायक हैं।

वोटर अधिकार यात्रा से जुड़ी तस्वीरें…

मुजफ्फरपुर में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए तमिलनाडु CM एमके स्टालिन।

दरभंगा में राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी को बुलेट पर बैठाकर बाइक रैली निकाली। पीछे लाल टीशर्ट में तेजस्वी यादव भी दिख रहे हैं।

राहुल गांधी दरभंगा शहर पहुंचे। इस दौरान उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

Exit mobile version