DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

लोकसभा में राहुल ने कहा: मेरे और प्रधानमंत्री के पास पत्नी वाला मसला नहीं है

नई दिल्ली,एजेंसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पुरुषों के जीवन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उनके और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन में ”पत्नी वाला मसला” ही नहीं है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान यह टिप्पणी की।

राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा, ”महिलाएं एक केंद्रीय शक्ति होती हैं, जो हमारी राष्ट्रीय स्तर की कल्पना और हमारे राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में एक प्रेरक शक्ति हैं। हम सभी अपने जीवन में महिलाओं, माताओं, बहनों और पत्नियों से बहुत प्रभावित हुए हैं, उनसे बहुत कुछ सीखा है।” इसी दौरान उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू की एक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा, ”रीजीजू जी ने कहा है, लेकिन न तो मेरे पास और न ही प्रधानमंत्री के पास पत्नी वाला मसला है, इसलिए हमें उस नजरिए से प्रतिक्रिया नहीं मिलती है। लेकिन हमारी मां और बहन हैं।” 

दरअसल, नेता प्रतिपक्ष के भाषण से पहले संसदीय कार्य मंत्री ने एक अलग संदर्भ में मजाकिया लहजे में कहा था कि ”कानून मंत्री (अर्जुन राम मेघवाल) ने कल सदन में पत्नी को समर्पित कविता पढ़ी, जिसके बाद मुझे घर में बहुत डांट पड़ी।” राहुल गांधी ने अपनी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के बृहस्पतिवार के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी बहन ने गृह मंत्री अमित शाह को मुस्कराने के लिए विवश कर दिया, जबकि वह खुद 20 साल में ऐसा नहीं कर पाए। 

Exit mobile version