DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राहुल ने शिव-पार्वती की फोटो शेयर की:ट्रोलिंग पर बोले- भाजपा-RSS नफरत छोड़ें, कल कहा था- सोनिया पिता राजीव की गोद में बैठती थीं

नई दिल्ली, एजेंसी। राहुल गांधी ने मंगलवार को ‘खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं’ वाले किस्से पर ट्रोल होने के बाद शिव-पार्वती की तस्वीर शेयर की। इसमें देवी पार्वती, शिव की गोद में बैठी नजर आ रही हैं।

उन्होंने लिखा, ‘डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।’

ये पूरा मामला सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की सोमवार को ऑफिशियल लॉन्चिंग के समय माता-पिता का किस्सा सुनाने से जुड़ा है।

राहुल ने बताया था, ‘हर बार खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। उन्हें बचपन में यह सामान्य लगता था। दोस्तों के घर जाकर जब उन्होंने ऐसा नहीं देखा तो वे उनसे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।’

असम सीएम ने कहा- ‘सॉरी मैडम, आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके

  • असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- ‘सॉरी मैडम, वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। देश को यह बात बहुत पहले समझ आ गई थी। उम्मीद है अब आप भी समझ जाएंगी। यह प्रोडक्ट अब लॉन्च और री-लॉन्च से भी आगे निकल चुका है।’
  • केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल को परिवार के बड़ों का सम्मान करने की सलाह दी। उन्होंने कहा,’राहुल को सार्वजनिक मंच पर निजी पारिवारिक बातों को साझा करते समय मर्यादा रखनी चाहिए।’

राहुल के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर दो तरह के रिएक्शंस

राहुल के सोनिया-राजीव गांधी के रिश्ते पर दिए बयान को लेकर सोशल मीडिया पर 2 तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक तरफ राहुल को निजी पारिवारिक बातें सार्वजनिक मंच पर साझा करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ लोग उनके बयान को माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन जताने वाली बचपन की याद बता रहे हैं।

ट्रोल करने वाले यूजर्स उनके बयान को लेकर मीम्स बना रहे हैं और पूछ रहे हैं कि सोनिया की किताब के लॉन्च जैसे कार्यक्रम में ऐसी निजी बात बताने की क्या जरूरत थी।

कुछ यूजर्स ने राहुल के बयान को असहज करने वाला बताया, जबकि उनके समर्थकों का कहना है कि माता-पिता के रिश्ते में प्यार जताने के तरीके को मजाक का विषय नहीं बनाना चाहिए।

Exit mobile version