रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी समूह पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही।
18 नवंबर से शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक रायपुर समेत छह जिलों में 32 से ज्यादा ठिकानों पर जांच की जा चुकी है।
जांच में करीब 15 करोड़ रुपए नकद मिलने का अनुमान है, जबकि 25 बैंक लॉकरों से करीब 20 करोड़ रुपए की ज्वेलरी मिलने की खबर है। बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के करीब 225 करोड़ रुपए के लेन-देन भी जांच के दायरे में हैं।
आयकर विभाग की 120 सदस्यीय टीम सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में कारोबारियों के घरों, दफ्तरों और फैक्ट्रियों के साथ उनसे जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खाते और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर रेड।
पीआरए ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर और अंबिकापुर के घरों पर भी जांच।

रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी की।
जांच टीम में 120 आयकर अधिकारी
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में एक साथ चल रही इस कार्रवाई की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 120 आयकर अधिकारी सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में जांच कर रहे हैं।
अलग-अलग ठिकानों से मिल रही जानकारियां रायपुर कार्यालय भेजी जा रही हैं। विभाग ने अभी तक नकदी, आभूषण या संभावित कर चोरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
रायगढ़ के कोतरा रोड क्षेत्र में बर्बरीक हाउस में और कालिंदी कुंज में जांच।
कारोबार की कई कड़ियां खंगाल रही टीमें
जांच के दायरे में आए कारोबारी समूह सड़क, भवन, पुल निर्माण, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े हैं। प्रह्लाद राय अग्रवाल ने पीआरए ग्रुप की स्थापना की थी। यह समूह सड़क, भवन और पुल बनाने का काम करता है। वहीं, बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़ी कंपनियां निर्माण और स्टील कारोबार में सक्रिय हैं।
बताया जा रहा है कि बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात का कारोबार एक ही परिवार से जुड़ा है। परिवार के छह भाई अलग-अलग कंपनियों और कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं। रायपुर मुख्यालय वाली बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड समूह की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है।
छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड और ओडिशा में भी इन समूहों को सरकारी निर्माण कार्यों के ठेके मिले हैं। आयकर विभाग की टीमें अब इन कंपनियों के बीच हुए लेन-देन, खरीद-बिक्री के बिल, बैंक खातों और घोषित कमाई का मिलान कर रही है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के ठिकानों पर रेड।
शेयर में निवेश और आईपीओ की तैयारी भी जांच में
आयकर विभाग की जांच में कारोबारी समूहों के शेयर बाजार में किए गए निवेश की जानकारी भी खंगाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात लिमिटेड के शेयरों में निवेश और कंपनी की ओर से आईपीओ लाने की तैयारी से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी सामने आई है। विभाग कंपनी के वित्तीय लेन-देन और कारोबारी समूह की दूसरी कंपनियों के बीच संबंधों की जांच कर सकता है।
डिजिटल सबूतों से खुलेगा लेन-देन का नेटवर्क
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, पेन ड्राइव और दूसरे डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है। इनके जरिए यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि अलग-अलग कंपनियों के बीच कितने रुपए का लेन-देन हुआ और किन बैंक खातों से रकम भेजी गई।
इसके साथ ही कागजों में दिखाए गए कारोबार और असल में हुए लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। बैंक लॉकरों से मिली ज्वेलरीकी कीमत का आकलन और जब्त दस्तावेजों की जांच भी जारी है।
रायगढ़ में तीन कार्यालयों में भी जांच
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़े ठिकानों पर जांच के बाद ढिमरापुर स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के तीन कार्यालयों में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। इनमें मुदणा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल है।
इसके अलावा कोतरारोड स्थित बर्बरीक विला में बजरंग अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल के घरों और दफ्तरों की जांच की गई। रायगढ़ इस्पात और कालिंदीकुंज स्थित ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए। इन जगहों पर रायपुर, दुर्ग और भोपाल से आई टीमों ने जांच की।
अंबिकापुर से सूरजपुर तक कार्रवाई
सरगुजा संभाग में भी आयकर विभाग की टीमों ने कई ठिकानों पर जांच की। अंबिकापुर में रमेशचंद्र अग्रवाल के आवास हरसिंगार, ब्रह्म रोड स्थित बर्बरीक प्रोजेक्ट्स कार्यालय और एक टैक्स वकील के घर पर पड़ताल की गई। टीम सूरजपुर स्थित निवास पर भी पहुंची।
इन ठिकानों पर जांच के दौरान कच्चे हिसाब-किताब की बहियां जब्त किए जाने की जानकारी है। आयकर विभाग की टीमें सभी दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है।
- कहां-कहां जांच: छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में करीब 50 ठिकानों पर कार्रवाई।
- कितनी टीम: करीब 120 आयकर अधिकारी जांच में शामिल।
- अब तक की जानकारी: करीब 14 करोड़ रुपए कैश मिलने का दावा, लॉकरों से 20 करोड़ की ज्वेलरी मिलने की चर्चा और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के 225 करोड़ रुपए के लेन-देन की जांच।
