DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में बारिश का कहर:मड़वामौहा-लोहड़िया मार्ग की पुलिया बही, कई गांवों को 20 किमी अतिरिक्त दूरी से जाना पड़ेगा

कोरबा /पाली । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली ब्लॉक में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मड़वामौहा से लोहड़िया के बीच पुलिया बह गई है। इस कारण सड़क पर कटाव हुआ है और कई पेड़ गिर गए हैं।

पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से भादा, नंगोई और लोहड़िया समेत कई गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को अब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।

पुलिया टूटने से पानी सीधे खेतों में घुसा

इस मार्ग पर स्कूली बच्चों का आना-जाना है। लोगों को अस्पताल और राशन की दुकान जाने में भी परेशानी हो रही है। किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। पुलिया टूटने से पानी सीधे खेतों में घुस गया है।

इससे पहले करतला ब्लॉक के बांसाझार्रा में स्टॉप डैम भी बारिश की वजह से बह गया था। इससे आसपास के 20 एकड़ खेत जलमग्न हो गए थे।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुलिया की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो समस्या और बढ़ सकती है।

Exit mobile version